
नई दिल्ली मे सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ कांग्रेस नेता शशि शर्मा।
दक्ष दर्पण समाचार सेवा। dakshdarpan2024@gmail.com
पंचकूला।
जिस दिन पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह कांग्रेस में शामिल हुए उसी दिन यह मान लिया गया था कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की नेत्री कुमारी शैलजा अब अंबाला से चुनाव नहीं लड़ेंगी। वे एक बार फिर अपने पुराने निर्वाचन क्षेत्र सिरसा लौट गई और वहीं से चुनाव लड़ा और चुनाव जीत भी गई। बहुत लोग यह मानते हैं कि यदि कुमारी शैलजा अंबाला से चुनाव लड़ती तो शायद वह चुनाव हार जाती। इसका एक कारण यह भी है कि कुमारी शैलजा की कार्य शैली पर वह लोग भी सवाल उठाते रहे हैं जो उनके संपर्क में रहे हैं। देखा जाए तो हरियाणा में कांग्रेस के दो बड़े नेताओं कुमारी शैलजा और पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के काम करने के तरीके में दिन रात का अंतर है। यही कारण है कि अंबाला लोकसभा क्षेत्र के कई लोग कुमारी शैलजा को छोड़कर या दूसरे दलों को छोड़कर भूपेंद्र सिंह हुड्डा की शरण में आए हैं। इनमें चौधरी निर्मल सिंह भी एक हैं। पंचकूला की बात करें तो कुमारी शैलजा के पुराने समर्थक और वरिष्ठ नेता शशि शर्मा जो काफी दिन से कुमारी शैलजा और चंद्र मोहन से दूरी बनाकर चल रहे थे अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा की शरण में आ गए हैं। उन्होंने पिछले दिनों नई दिल्ली में सांसद दीपेंद्र हुड्डा से उनके निवास स्थान पर औपचारिक भेंट की और उन्हें अपना समर्थन देने का ऐलान किया। दीपेंद्र हुड्डा ने श्री शर्मा का स्वागत किया और उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान देने का आश्वासन दिया। शशि शर्मा के भूपेंद्र सिंह हुड्डा कैंप में जाने से पंचकूला जिले की राजनीति पर असर देखने को मिलेगा ।श्री शर्मा पंचकूला के दोनों विधानसभा क्षेत्रों पंचकूला और कालका में प्रभाव रखते हैं और इन दोनों क्षेत्रों में वह पॉलिटिकल एक्सरसाइज करते रहते हैं। श्री शर्मा 2009 में हजकां की टिकट पर पंचकूला से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। इस चुनाव में उन्हें सम्मानजनक समर्थन मिला वह भी तब जब चौधरी भजनलाल के पूरे परिवार ने भी उनका साथ नहीं दिया था। शशि शर्मा सामाजिक दृष्टिकोण के व्यवहारिक नेता है और समाज के सभी वर्गों में उनके व्यक्तिगत संबंध उनकी विशेषता है। देखा जाए तो हुडा परिवार को पंचकूला में एक अच्छा नेता और उम्मीदवार मिल गया है। शशि शर्मा ने लोकसभा के चुनाव में अंबाला क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार वरुण चौधरी के चुनाव प्रचार में पंचकूला में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसलिए सांसद श्री चौधरी के लिए भी शशि शर्मा एक महत्वपूर्ण कड़ी बन गए हैं। ब्राह्मण नेता के रूप में पार्टी उन्हें अंबाला लोकसभा क्षेत्र के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में इस्तेमाल कर सकेगी । श्री शर्मा के उपरोक्त फैसले से पंचकूला जिले की राजनीति पर निर्णायक असर देखने को मिलेगा। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले समय में शशि शर्मा भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे के महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु के रूप में देखे जा सकेंगे।
