
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
हरियाणा का विधानसभा का नंबर एक हलका कालका है। मतलब गिनती कालका से शुरू होती है। यहां आने वाले विधानसभा चुनाव में मुकाबला भी एक नंबर का हुआ तो किसी को आश्चर्य नहीं होगा। इस समय जहां कालका
में कांग्रेस का विधायक है वहीं लोकसभा के चुनाव में इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार लगभग 11000 मतों से बढ़त हासिल करने में कामयाब भी हो गई है। जो इस हलके में कांग्रेस की कमजोरी को भी इंगित कर रही है। कांग्रेस की फूट का लाभ किसी भी दूसरे उम्मीदवार को हो सकता है। कालका में विधायक दूसरे गुट का है जबकि सांसद दूसरे गुट से बन गया है।

हाल के संसदीय चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटों पर आम आदमी पार्टी ने चुनाव को रोचक बनाने का काम किया है और कांग्रेस पार्टी को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिला है। इससे यह बात साबित होती है कि आम आदमी पार्टी से गठबंधन नहीं हुआ होता तो भाजपा की कालका हल्के की बढ़त काफी ज्यादा हो गई होती। मौजूदा बढ़त से जहां भारतीय जनता पार्टी उत्साहित है वही आम आदमी पार्टी को भी यह यकीन हो गया है कि कालका में भाजपा की मजबूती और कांग्रेस की कमजोरी का उसे लाभ हो सकता है ।क्योंकि अब यह साफ हो गया है कि बेशक हरियाणा में कांग्रेस मजबूत बताई जा रही हो लेकिन कालका हल्के में ही नही पंचकूला में भी उसकी कमजोरी सामने आ गई है। सूत्र बता रहे हैं कि आम आदमी पार्टी मौजूदा विधायक प्रदीप चौधरी को ध्यान में रखते हुए कालका से गुर्जर उम्मीदवार को मैदान में उतारने की योजना पर काम कर रही है। अभी आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की रिहाई की इंतजार और उम्मीद है लेकिन इसके बावजूद पार्टी के संगठन मंत्री संदीप पाठक प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता और कई बड़े नेता संगठन को मजबूत करने और सक्षम तथा मजबूत उम्मीदवारों का चयन करने में लगे हुए हैं। पता चला है कि पार्टी ने मोटे तौर पर ऐसे 25 संभावित उम्मीदवारों की एक-सूची तैयार कर ली है। पार्टी पंजाब के सीमावर्ती विधानसभा क्षेत्रों को प्राथमिकता पर लेकर चल रही है और कालका भी उनमें से एक है। हरियाणा में जिला परिषद मतलब पंचायती राज व्यवस्था के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने हरियाणा के पंजाब के सीमावर्ती जिलों में अच्छा प्रदर्शन किया था ।कालका की बात करें तो आम आदमी पार्टी ने नगर परिषद चुनाव में उत्साहजनक प्रदर्शन किया । यह मानकर चलिए की आम आदमी पार्टी अगले विधानसभा चुनाव में कालका में निर्णायक भूमिका में नजर आ सकती है ।पार्टी इस क्षेत्र में गुर्जर मतदाताओं को प्रभावित करने और कांग्रेस के मौजूदा गुर्जर विधायक को देखते हुए गुर्जर उम्मीदवार को मैदान में उतरने पर विचार कर रही है। पार्टी के नेता यहां एक अनुभवी और मजबूत स्थानीय नेता को चुनाव में उतार सकती है ।पार्टी संगठन में इस समय प्रदेश स्तर पर चेयरमैन के रूप में बड़ी जिम्मेदारी निभा रहे एक गुर्जर नेता को चुनाव लड़ाने की तैयारी में बताई गई है। कई दशकों से राजनीतिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़कर चल रहे इस नेता को इसलिए अधिमान मिल सकता है कि वह यहां हलके के कोने-कोने से परिचित है और गुर्जरों में भी एक जाना माना नाम है।
कालका हलके के लोग 1991 में फरीदाबाद से आकर कालका से विधायक चुने गए स्वर्गीय पुरुष भान के समय से इस नेता की सक्रियता और रुचि को मन मस्तिष्क में रखकर चल रहे हैं ।पार्टी के महत्वपूर्ण कार्यों में बढ़ चढ़ कर भाग लेने वाले बड़े नेताओं के विश्वास पात्र इस नेता को पंजाब की आम आदमी पार्टी के कई नेताओं विधायकों का समर्थन और सहानुभूति प्राप्त है। साधन संपन्न आम आदमी पार्टी के इस नेता का परिवार भी बड़ा है। वह कई भाई हैं। पूरे हल्के में उनके अपने कार्यकर्ता और समर्थक हैं राजनीति में लंबा अनुभव होने के कारण पार्टी उनकी इस योग्यता का भी लाभ उठाना चाहती है।
कई ऐसे कारण है कि पार्टी के नेता इस बारे में काफी गंभीर हैं । कुरुक्षेत्र में पार्टी के उम्मीदवार डॉक्टर सुशील गुप्ता इस बात से प्रभावित है कि उपरोक्त गुर्जर नेता ने गुर्जर मतदाताओं को पार्टी के साथ जोड़ने और चुनाव में दिन-रात एक करने का महत्वपूर्ण काम किया है। खूब पसीना बहाया है ।इस नेता के कारण काफी गुर्जर लोग आम आदमी पार्टी के संपर्क में आए हैं और पार्टी को गुर्जरों में अच्छे वोट भी मिले हैं। गुर्जर समाज के कल्याण की विभिन्न गतिविधियों में इस नेता का योगदान सर्व विदित है।।पता चला है कि चुनाव और उम्मीदवारी को लेकर उपरोक्त नेता को कुछ ऐसे संकेत दे भी दिए गए हैं कि वह हल्के में अपने चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। हल्के में उनका अपना नेटवर्क इस समय सक्रिय भी हो गया बताया गया है। आम आदमी पार्टी के बड़े नेता इस बात से भी प्रभावित हैं कि पार्टी के उपरोक्त गुर्जर नेता का गुर्जर समुदाय के अलावा हलके के मोरनी रायपुर रानी तथा दून क्षेत्र में अपना निर्णायक नेटवर्क है जो चुनाव में पार्टी के काम आ सकता है। कालका पिंजौर के शहरी मतदाता भारतीय जनता पार्टी से आम आदमी पार्टी में जल्दी शिफ्ट हो सकते हैं ।यह फार्मूला आम आदमी पार्टी के गुर्जर उम्मीदवार के भी काम आ सकता है । नगर परिषद चुनाव में आम आदमी पार्टी को विभिन्न वार्डों में मिला समर्थन और सहयोग इसका एक उदाहरण है। जानकार यह मानकर चल रहे हैं कि कालका में आम आदमी पार्टी ने गुर्जर उम्मीदवार को मैदान में उतारा तो मुकाबला और भी रोचक हो जाएगा। देखते हैं आगे आगे होता है क्या।
