दक्ष दर्पण समाचार सेवा पंचकूला

सेक्टर 15 में ऐसे नजारे आमतौर पर देखे जा सकते हैं।
सेक्टर 15 पंचकूला में कानून व्यवस्था का दिवालिया निकल चुका है। इस बारे के सी भारद्वाज पूर्व एमिनेंट सिटिजन सीएम विंडो पंचकूला व सदस्य जिला कष्ट निवारण समिति ने कहा कि जब से इस शांत सेक्टर में शराब का ठेका स्थानीय पार्षद व अन्य राजनीतिक नेताओं की मिलीभगत से खुला है तब से अपराधिक मामले लगातार बढ़ रहे हैं । महिलाओं के साथ स्नेचिंग की वारदातें , कारो व घरों से बैटरी चोरी के मामले व अन्य आपराधिक मामले लगातार बढ़े हैं । सेक्टर 15 हाउसिंग बोर्ड के इंडस्ट्रीयल एरिया पार्क से सेक्टर के घरों में आने के दो रास्ते हैं, जिसमें एक तो पेट्रोल पंप के सामने शराब के ठेके वाली सड़क के पास से और दूसरा पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेहडी मार्केट से। सायं 5:00 से 7:00 बजे के आसपास इन दोनों जगह तथा आयरन मार्केट अगल-बगल कारों में बहुत लोग मोटरसाइकिलों पर , स्कूटी आदि पर खुलेआम रात 11 – 12 बजे तक शराब पीते रहते हैं और दंगा फसाद करते रहते हैं। CWA सदस्यों के ध्यान में है कि आपराधिक लोगों की वजह से बुजुर्गों , महिलाओं तथा अन्य लोगों का पार्क से घर आना जाना दूभर हो गया है। 13 जून की शाम को तीन लड़के स्कूटी पर शराब , बीयर गली के समीप पी रहे थे तो एक वरिष्ठ नागरिक ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर गली व मकानों के सामने ऐसा न करने को कहा। आप सभी CWA सदस्य हैरान होंगे कि उन तीन लड़कों ने इसी बात को लेकर (उसे वरिष्ठ नागरिक उम्र 70 वर्ष) को पत्थर मारने शुरू कर दिए। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर वह तीनों स्कूटी लेकर भागे और वरिष्ठ नागरिक की जान बच गई। इस बारे तुरंत पुलिस चौकी प्रभारी सेक्टर 15 को सूचना दी गई । के सी भारद्वाज ने बताया कि मौके पर केवल एक होमगार्ड का जवान राइडर पर बिना कोई हथियार लिए 15 मिनट के पश्चात पहुंचा। साथ ही 112 नंबर पर भी सूचना दी गई थी गाड़ी मौके पर आई और उपस्थित लोगों से पूछा कि बताओ बदमाश कहां बैठे हैं। हम पकड़ लेंगे । लोगों ने बताया कि वह स्कूटी पर इस तरफ भागे हैं। आप हैरान होंगे कि आज तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है और सेक्टर 15 ठेके के पास वाली गली से कई लोग अपना मकान बेचकर जा चुके हैं और कई लोग यहां से पलायन करने पर मजबूर हैं। श्री भारद्वाज सभी CWA पदाधिकारीयों एवं सदस्यों से व्यक्तिगत अनुरोध किया कि वे इस गंभीर मुद्दे पर माननीय उपायुक्त व पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों , पुलिस कमिश्नर, डिप्टी पुलिस कमिश्नर व संबंधित एरिया के एसीपी से प्रतिनिधिमंडल के तौर पर तुरंत मिलें । ताकि वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं तथा सेक्टर वासी खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
