
रोहिता रेवड़ी पूर्व विधायक पानीपत। क्या भाग्य में बदा है कांग्रेस की टिकट पर भी विधायक बनना ?
दक्ष दर्पण समाचार सेवा । dakshdarpan2024@gmail.com
पानीपत।
पिछले दिनों पानीपत की पूर्व विधायक श्रीमती रोहिता रेवड़ी भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुई तो राजनीतिक हलको में एक चर्चा यह भी छिड़ गई है कि क्या उन्हें पानीपत से चुनाव लड़ाने की शर्त पर कांग्रेस में लाया गया है। महत्वपूर्ण बात यह है भी है कि कांग्रेस में उनकी एंट्री किसी और के नहीं बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के माध्यम से हुई है। श्रीमती रेवाड़ी ने चुनाव के दौरान रोहतक जाकर कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की थी। अब कांग्रेस विधानसभा चुनाव में पानीपत से उम्मीदवारी को लेकर किस रणनीति पर काम करेगी यह तो वक्त बताएगा ही लेकिन अगर पानीपत की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के सामने अगले चुनाव में भी एक बार फिर यह सवाल जरूर आएगा कि क्या भाजपा एक नेता को एडजस्ट करने के लिए इस बार मतलब लगातार दूसरी बार भी पानीपत के अपने मौजूदा विधायक की टिकट काटने का जोखिम मोल ले पाएगी। सवाल यह है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो फिर रेवड़ी की टिकट काटने का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा क्योंकि इससे एक तथाकथित हिडन मिशन अधूरा रह जाएगा ।
अब आपको 2019 के चुनाव और उससे पहले की भाजपा की राजनीति की ओर ले जाते हैं। संजय भाटिया भारतीय जनता पार्टी के पानीपत के ऐसे नेता है जो सांसद का तो चुनाव तो जीत गए परंतु पानीपत में उन्होंने विधानसभा के दो चुनाव लड़े परंतु दोनों हार गए। बेशक 2019 के लोकसभा के चुनाव में संजय भाटिया करनाल से सांसद चुने गए लेकिन बताते हैं कि उनकी रुचि विधानसभा के चुनाव में पहले भी थी अब भी है क्योंकि वह आर एस एस से जुड़े भाजपा के पुराने नेता हैं और खुद को मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शूमार करके चलते होगे। आप समझ सकते हैं कि वे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल नजदीकी लोगों में शामिल है। राजनीति में है तो महत्वाकांक्षी भी हैं। जब मनोहर लाल को बदलने का समय आया तो दो ही नाम सामने आए थे। एक नायब सिंह सैनी का दूसरा संजय भाटिया का लेकिन क्योंकि पंजाबी को हटाकर पंजाबी को नहीं बनाना था ओबीसी को अधिमान देना था इसलिए नायब सैनी के नाम का फैसला समय की जरूरत के अनुरूप हुआ लेकिन संजय भाटिया का मुख्यमंत्री बनने का सपना अब तभी पूरा हो पाएगा जब पार्टी चाहेगी और उन्हें अगले विधानसभा चुनाव में पानीपत से टिकट दी जाएगी। यह बात भी सब जानते हैं कि उन्हें टिकट देने के लिए पानीपत के भाजपा के सिटिंग एमएलए प्रमोद विज की टिकट भी काटनी पड़ेगी। इस बार भी भाजपा ऐसा कर पाएगी या नहीं यह वक्त बताएगा लेकिन यह आम मान्यता है कि 2019 के विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के समय करनाल से सांसद बन चुके परंतु पानीपत विधानसभा पर अपना हक समझने वाले संजय भाटिया नहीं चाहते थे कि रोहिता रेवड़ी को टिकट मिले क्योंकि उस समय भी रोहिता के चुनाव जीतने के पूरे चांस थे। ऐसे में यदि वह लगातार दो बार की विधायक होती तो 2024 में पानीपत से विधानसभा का चुनाव लड़ने का श्री भाटिया का स्वप्न पूरा होने में बहुत दिक्कत पेश आती। कई बार व्यक्ति बहुत आगे की योजनाओं का ताना बाना बहुत पहले ही बुन लेता है लेकिन इन योजनाओं पर जनता की भी नजर बनी ही रहती है।

क्या पूरा हो पाएगा सांसद रह चुके संजय भाटिया का पानीपत से विधायक बनने का सपना !
अब आपको बताते हैं कि रोहिता रेवड़ी ने भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने का फैसला क्यों और कब लिया। श्रीमती रेवाड़ी और उनके परिवार को एक तो पहले ही आशंका थी कि अब सिटिंग एमएलए प्रमोद विज की टिकट काटकर उन्हें टिकट मिलने के आसार नहीं है ऊपर से यह खबर आ गई कि पार्टी ने करनाल के मौजूदा सांसद संजय भाटिया की जगह मनोहर लाल को प्रत्याशी बना दिया है ऐसे में उनका यह समझ लेना स्वाभाविक था कि लोकसभा के चुनाव से बाहर हो गए संजय भाटिया की पानीपत विधानसभा की टिकट की दावेदारी और मजबूत हो जाएगी और इस काम में जैसे पहले मुख्यमंत्री के रूप में मनोहर लाल ने उनके हितों का ध्यान रखते हुए सीटिंग एमएलए की जगह प्रमोद विज को चुनाव लड़वाया था उसी तरह अब करनाल लोकसभा के भाजपा के प्रत्याशी की हैसियत से वह अपनी मर्जी के लोगों को विधानसभा की टिकटें दिलाने की कोशिश करेंगे और निश्चित रूप से संजय भाटिया ही पानीपत से भाजपा की टिकट झपट ले जाएंगे ।वह जीतेंगे या हारेंगे यह तो वक्त बताएगा लेकिन 2024 में भी 2019 की तरह पानीपत से भाजपा की उनकी टिकट की संभावना समाप्त हो जाएगी। रोहिता रेवड़ी के पास इसके अलावा कोई और विकल्प नहीं था कि वह पार्टी छोड़ जाए और कांग्रेस में ही शामिल हो जाए।
उन्हें तीन कारणों से कांग्रेस की टिकट मिल भी सकती है। एक वह महिला है, दूसरे पानीपत से विधायक रह चुकी हैं ।तीसरी उनके चुनाव जीतने की संभावना आज भी है। इसके अलावा पानीपत में कांग्रेस में शाह बंधुओं की घर की लड़ाई का लाभ भी रोहित रेवाड़ी को मिलने की संभावना इसलिए बनी रह सकती है कि उनका ताल्लुक भी पंजाबी समुदाय से है।
अब बात करते हैं 2019 में भाजपा की टिकट की। रोहिता रेवड़ी 2014 में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष रामविलास शर्मा के माध्यम से भाजपा में शामिल हुई थी इससे पहले वह रिकॉर्ड मतों से पानीपत नगर परिषद का चुनाव जीती थी। यदि भाजपा की धड़ेबाजी की बात करें तो उन्हें मुख्यमंत्री मनोहर लाल और संजय भाटिया रामविलास शर्मा से जोड़कर चलते थे । खास बात यह बताई जाती है कि उनकी जगह किसी ऐसे व्यक्ति को टिकट देने का विचार किया गया था जो रेवड़ी की जगह पानीपत से भाजपा का ऐसा विधायक बने जिसकी सिटिंग एमएलए रहते भी टिकट काटने में दिक्कत पेश न आए। मतलब वह उफ़ तक ना करे।मतलब जो पूर्णकालिक पॉलीटिशियन ना हो। ऐसे में नापतोल करके गजेंद्र सलूजा जैसे संगठन से जुड़े कई और लोगों की अनदेखी करते हुए उपरोक्त दोनों की सुविधा अनुसार प्रमोद विज को टिकट दे दिया गया ।अब वह विधायक हैं ।देखना यह है कि भारतीय जनता पार्टी अब संजय भाटिया को एडजस्ट करने के लिए एक बार फिर अपने सीटिंग एमएलए की टिकट काट पाएगी या नहीं। इसीलिए यह कहा जा सकता है कि ,लगता तो नहीं पर हो भी सकता है।

भाजपा के पानीपत के मौजदा विधायक प्रमोद विज।
