
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़
शहीद परमिन्द्र सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तेजली का परीक्षा परिणाम स्कूल बोर्ड से भी ज्यादा रहने पर गाँव तेजली में खुशी का माहौल बना हुआ है। तेजली का विद्यालय गाँव वालों के प्रयास से दो वर्ष पहले ही अपग्रेड होकर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बना था। 2024 में पहली बार 12 वीं कक्षा के 29 विद्यार्थियों ने स्कूल बोर्ड की परीक्षा दी थी और प्रधानाचार्य मोहम्मद सलीम व स्टाफ सदस्यों की मेहनत का सुखद परिणाम यह आया कि सभी 29 विद्यार्थी पास होकर विद्यालय का सौ प्रतिशत परिणाम लाने में सफल रहे। विद्यालय के एनसीसी ऑफिसर व 12 वीं कक्षा के इंचार्ज डॉ उमेश प्रताप वत्स ने जहां अपनी कक्षा के सौ प्रतिशत परीक्षा परिणाम पर खुशी व्यक्त की वहीं आज दसवीं की परीक्षा में भी विद्यालय के 81 में से 79 विद्यार्थी के पास होने व 97.53% बोर्ड के परिणाम से भी अधिक परिणाम आने पर खुशी जाहिर की। विद्यालय के स्टाफ ने बताया कि विद्यालय में 17 स्टाफ सदस्यों की आवश्यकता थी जबकि 8 पोस्ट कैप्ट होने से केवल स्टाफ के 9 सदस्य ही रह गये थे किंतु तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक व वर्तमान जिला शिक्षा अधिकारी सुमन बहमणी ने गत वर्ष व इस वर्ष तीन-चार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर विद्यार्थियों के हित में विद्यालय का सहयोग किया, जिसका परिणाम रहा कि शहीद परमिन्द्र सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तेजली का परीक्षा परिणाम स्कूल शिक्षा बोर्ड से भी अधिक रहा। डॉ वत्स ने बताया कि जहां 12 वीं में शुभम 89% नम्बर लेकर स्कूल का टॉपर रहा वहीं 10 वीं की एनसीसी कैडेट तनु धीमान 94% नम्बर लेकर स्कूल टॉपर रही। प्रधानाचार्य मोहम्मद सलीम, एनसीसी ऑफिसर डॉ उमेश प्रताप वत्स व कक्षा इंचार्ज पूनम कपिला द्वारा तनु व उसकी माता रजनी को विद्यालय में बुलाकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य व सभी स्टाफ सदस्यों ने तनु को अपने माता-पिता व स्कूल के साथ-साथ गाँव का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद सलीम, एनसीसी ऑफिसर डॉ उमेश प्रताप वत्स, अरुणदीप कौर, पूनम कपिला, सरिता त्यागी, हरबंस लाल, गुरुचरण, विजेन्द्र कुमार, नवनीत शर्मा, संजय शर्मा, सुरिन्दर कौर, रिचा शर्मा, भावना, पूजा, शुभम, जगदीश, अंग्रेज व नमिन्द्र धीमान उपस्थित रहें ।
