
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
नई दिल्ली।
कांग्रेस हरियाणा में उम्मीदवारों की सूची चुनाव के दूसरे चरण को ध्यान में रखते हुए कुछ दिन और रुक कर जारी कर सकती है ।27 अप्रैल से पहले सूची जारी होने की संभावना नहीं है । पता चला है कि कांग्रेस इस मामले में बड़ी योजना के तहत काम कर रही है। पार्टी के नेता पंजाब और हिमाचल प्रदेश से सबक लेकर इस समझ के साथ चल रहे हैं कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने के आसार किसी रूप में भी कमजोर नहीं पडने चाहिए। सूत्र बता रहे हैं कि पार्टी आलाकमान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को टिकटों में भी फ्री हैंड देने का फैसला कर चुकी है। पार्टी के नेता श्री हुड्डा की राजनीतिक समझ और समायोजन क्षमता से प्रभावित हैं। हरियाणा की सूची जारी होने के बाद पाठक देखेंगे कि पार्टी में भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कद काफी बढ़ गया है। यही कारण है कि जानकार यह दावा कर रहे हैं कि भिवानी महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह और गुरुग्राम से राज बब्बर ही उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस उत्साह में है और उसके नेताओं को लगता है कि उम्मीदवारों के जो नाम हाई कमान की नजर में है उनमें अधिकांश चुनाव जीतने की स्थिति में है । पार्टी अब पंजाब और हिमाचल प्रदेश की तरह कोई गलती नहीं करना चाहती।
एक सूचना और है जिसकी अभी पुष्टि होना बाकी है ।उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी क्रमशः अमेठी और रायबरेली से चुनाव लड़ सकते हैं। परिवार के लोगों की तैयारी और दोनों हलकों में चल रही गतिविधियां यह संकेत दे रही है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ाया जाएगा। कांग्रेस हाई कमान को यह जानकारी है कि हरियाणा सहित देश के कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है और इसका लाभ इंडिया गठबंधन को हो रहा है। कांग्रेस अब आक्रमक होती भी नजर आ सकती
है। कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी की गतिविधियों पर पूरी तरह से नजर रखे हुए हैं।

