
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार । dakshdarpan2024@gmail.com
नई दिल्ली ।
चुनाव में कांग्रेस की हरियाणा के उम्मीदवारों की सूची में देरी पर प्रतिद्वंदी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेता भी सवाल उठने लगे हैं। शायद इस देरी का मजाक उड़ाते हुए किसी व्यक्ति ने सोमवार को एक फर्जी सूची ही जारी कर दी। टिकटो में देरी करना वैसे तो कांग्रेस की पुरानी पहचान है परंतु इस बार तो यह हद इसलिए हो गई है कि भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा की उम्मीदवारों की सूची जारी हुए एक महीने से भी ज्यादा का समय बीत चुका है।
प्रदेश में भाजपा के सभी उम्मीदवार अपने अपने लोकसभा क्षेत्रों में सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनता के बीच जाने का काम पूरा कर चुके हैं । उसके उम्मीदवार चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस का मजाक उड़ाने लगे हैं और मूल रूप से कांग्रेसी पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों से सज्जित भाजपा का उम्मीदवार दल यह कहकर तंज कसने लगा है कि कांग्रेस के पास उम्मीदवार ही नहीं है। जबकि वास्तव में ऐसा कुछ नहीं है बल्कि इसके पीछे की सच्चाई और है। बताया यह जा रहा है कि हरियाणा के कांग्रेस के बड़े नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा टिकटों के इस बंटवारे की आड़ में विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। वह ज्यादा से ज्यादा अपने समर्थक उम्मीदवारों को टिकट दिलाना चाहते हैं । क्योंकि उन्हें पता है कि जो उम्मीदवार जिस लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेगा वह जीते या हारे, चार महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे के समय निर्णायक रहेगा । विधानसभा की टिकट उसकी संस्तुति पर तय होंगी। मतलब लोकसभा के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में टिकटों के मामले में पार्टी के संबंधित संसदीय उम्मीदवार की राय जरूर ली जाएगी। एक तरह से लोकसभा का उम्मीदवार विधानसभा की टिकटों के मामले में अपने क्षेत्र में निर्णायक साबित होगा। समझने के लिए यह जरूरी है कि जैसे कल कुमारी शैलजा जब अंबाला से चुनाव लड़ती थी तो कालका से लेकर यमुनानगर तक अधिकांश टिकट उन्हीं के समर्थकों को मिलती थी। यही कारण है कि आज के अंबाला लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस के जो चार विधायक हैं वह सब के सब कुमारी शैलजा के समर्थक हैं। आपको बता दें कि 2009 के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने यह व्यवस्था कर दी थी कि कांग्रेस का जो भी सांसद है वह अपने लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा के चुनाव में उन दो ऐसे विधानसभा क्षेत्रों में जिनके भी नाम देगा उन्हें ही टिकट दे दी जाएगी बशर्ते वहां कांग्रेस के सिटिंग एमएलए न हों ।उस समय हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री हुआ करते थे और कुमारी शैलजा ने विधानसभा के चुनाव में अंबाला लोक सभा क्षेत्र में कालका से सतविंदर सिंह राणा और पंचकूला से डीके बंसल को खुद नाम देकर टिकट दिलवाई थी। यदि हम आज की बात करें तो बताया जा रहा है कि कुमारी शैलजा सिरसा से चुनाव लड़ने वाली है ऐसे में भूपेंद्र सिंह हुड्डा अंबाला में उनकी जगह अपने समर्थक वरुण चौधरी को टिकट दिलाने का प्रयास कर रहे हैं और यह स्वाभाविक है कि कल जब विधानसभा चुनाव में टिकट बटेंगी तो वरुण चौधरी निर्णायक भूमिका में होंगे और श्री हुड्डा उस समय भी अपनी मर्जी के उम्मीदवारों को तरजीह दे पाएंगे। मतलब प्रदेश के बड़े नेताओं के जितने अधिक समर्थक उम्मीदवार लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे कल उतनी ही विधानसभा की टिकटें उनके हाथ में रहेगी ।

लोग यह मानकर चल रहे हैं कि आज का यह इंप्रेशन कल भी काम आएगा इसीलिए श्री हुड्डा यह साबित करने की कोशिश में लगे हुए हैं कि जब आज लोकसभा की टिकटें उनकी मर्जी से बंटी है तो कल विधानसभा के चुनाव में भी उनकी ही चलेगी और मुख्यमंत्री भी वही बनेंगे क्योंकि विधानसभा चुनाव के संदर्भ में जनमत कांग्रेस के हक में दिखाई दे रहा है । राजनीतिक तौर पर श्री हुड्डा का ऐसा सोचना और करते रहना व्यवहारिक भी है और जरूरी भी ।देखा जाए तो हरियाणा में ऐसी स्थिति नजर आ रही है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा 9 में से 6 हलकों में अपने समर्थकों को टिकट दिलाने में सफल हो सकते हैं । इनमें रोहतक, सोनीपत, भिवानी, गुरुग्राम, अंबाला और फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र शामिल हैं । क्योंकि रोहतक से उनके पुत्र दीपेंद्र हुड्डा सोनीपत से उनके समर्थक सतपाल ब्रह्मचारी ,अंबाला से उनके समर्थक वरुण चौधरी ,भिवानी से राव दान सिंह ,गुरुग्राम से राज बब्बर और फरीदाबाद से उनके रिश्तेदार करण सिंह दलाल टिकट के प्रबल दावेदार हैं और श्री हुड्डा इन सबको टिकट दिलाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। जैसे ही उनके समर्थक उम्मीदवारों के नामों की घोषणा होगी वैसे ही हरियाणा में यह संदेश जाएगा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के आसार हैं और मुख्यमंत्री भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ही बनेंगे। क्योंकि यह स्वाभाविक है कि जैसे लोकसभा की टिकटें उनकी मर्जी से बंटेगी हैं वैसे ही विधानसभा चुनाव में होगा और कुमारी शैलजा, चौधरी बीरेंद्र सिंह और रणदीप सिंह सुरजेवाला 90 में से अधिकतम 30 टिकट ही अपने समर्थकों को दिला पाएंगे ।जाहिर है यहां भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा का ही पलड़ा भारी रह सकता है। यही कारण है कि कांग्रेस की टिकटों में पेंच फंसा दिखाई दे रहा है और सूची लेट हो रही है। इस देरी के बाद लोग समझने लगे हैं कि भिवानी में श्रुति चौधरी या किरण चौधरी और गुरुग्राम में कैप्टन अजय सिंह को टिकट मिलनी आसान नहीं रह गई है। यदि भिवानी में श्रुति चौधरी या किरण चौधरी को टिकट नहीं मिलती तो उनकी जगह जाट के नाम पर फरीदाबाद में हुड्डा के समर्थक करण सिंह दलाल को टिकट मिलने में आसानी हो जाएगी । इससे भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कांग्रेस में अंदरुनी दखल की पुष्टि तो होगी ही, पार्टी में उनके प्रतिद्वंदी और विरोधी भी किनारे लगे प्रतीत होंगे। इसके बाद यह तय हो जाएगा कि श्री हुड्डा ने अब किरण चौधरी और कैप्टन अजय यादव को निशाना बना लिया है एक तरह से निपटा दिया है और उनका अगला निशाना कुमारी शैलजा हो सकती हैं। लोग एक बार फिर यह कहते देखे जा सकेंगे कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा राजनीति का ऐसा सर्जन है जो ऑपरेशन करते वक्त खून की एक बूंद भी नीचे नहीं गिरने देता।
