
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
चण्डीगढ़ ।
हरियाणा में संसदीय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बहुत पहले ही सभी 10 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी थी परंतु प्रतिद्वंदी कांग्रेस पार्टी अभी तक उम्मीदवारों की अपनी सूची को अंतिम रूप नहीं दे पाई है। कांग्रेस के मामले में मौजूदा चुनाव में कुछ चीजें विशेष तौर पर देखने को मिली है। एक यह कि चौधरी बीरेंद्र सिंह के कांग्रेस में शामिल होने के बाद एसआरके ग्रुप और मजबूत हो गया है। अब यह ग्रुप एसआरकेबी ग्रुप भी कहा जा सकेगा। इसका एक असर यह देखने को मिलेगा कि भाजपा छोड़ कर आए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह हिसार से अपना टिकट हासिल करने में सफल रहेंगे इसके अलावा यह ग्रुप भिवानी महेंद्रगढ़ से श्रुति चौधरी की टिकट हासिल करने में सफल रह सकता है। यहां एक बात बहुत महत्वपूर्ण है कि कांग्रेस में हाई कमान विशेष तौर पर गांधी परिवार एक रणनीति के तहत चौधरी बीरेंद्र सिंह और बृजेंद्र सिंह को विशेष तौर खास अहमियत दे सकता है। पार्टी पार्टी विधानसभा चुनाव में चौधरी बीरेंद्र सिंह को उचाना से विधानसभा का चुनाव लड़ने को भी कह सकती है।
भिवानी महेंद्रगढ़ की बात करें तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहली कोशिश राव दान सिंह को टिकट दिलाने की ही करेंगे लेकिन ऐसा संभव नहीं हुआ तो उनकी दूसरी कोशिश यह रहेगी कि चुनाव श्रुति चौधरी की जगह किरण चौधरी चुनाव लड़े। ऐसा करके वह पार्टी में मुख्यमंत्री के उम्मीदवारों को प्रदेश की राजनीति से दूर करने की अपनी कोशिश को आगे बढ़ा सकते हैं। कुमारी शैलजा को लोकसभा का चुनाव लड़ाने की व्यवस्था करके हुड्डा एक बड़ी लड़ाई जीत चुके हैं। वह खुद विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में उनका दावा और मजबूत हो सकेगा। कुमारी शैलजा के सिरसा से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद श्री हुड्डा को एक और लाभ यह हुआ है कि वे अब अंबाला लोकसभा क्षेत्र में अपना दखल बनाने और अपने समर्थक विधायक वरुण चौधरी को टिकट दिला कर अपने राजनीतिक कौशल का परिचय देने की कोशिश में सफल हो सकते हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी को टिकट दिलाने की कोशिश में लगे हुए हैं।ऐसा करके वह चार बड़ी सफलताएं हासिल करने की स्थिति में नजर आ रहे हैं ।एक यह है कि उनके पास भाजपा के दो ब्राह्मण उम्मीदवारों को हरा कर पिछली हार का बदला लेने का अवसर है। करनाल में टिकट मांग रहे कुलदीप शर्मा को नियोजित राजनीतिक समझदारी से बिना टिकट करने का मौका मिल सकता है। इस बात की पूरी संभावनाएं हैं कि जैसा जयप्रकाश जेपी के साथ हिसार में होता दिख रहा है है वैसा ही कुलदीप शर्मा के साथ करनाल या सोनीपत में संभव है। लेकिन ऐसी संभावनाएं भी बन रही है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के रिश्तेदार और समर्थक करण सिंह दलाल को फरीदाबाद से टिकट न मिले। कांग्रेस करनाल में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ क्षत्रिय उम्मीदवार के रूप में वीरेंद्र राठौर को टिकट दे सकती है। राठौर को हाई कमान के आशीर्वाद से टिकट का प्रसाद मिलेगा, यह सब जानते हैं। यूं समझो अंबाला से वरुण मौलाना, करनाल से वीरेंद्र राठौड़ ,सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी ,रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा, हिसार से बृजेंद्र सिंह, सिरसा से कुमारी शैलजा, फरीदाबाद से महेंद्र प्रताप सिंह, भिवानी महेंद्रगढ़ से किरण चौधरी या श्रुति चौधरी इसी तरह गुरुग्राम से राज बब्बर या राव दान सिंह कांग्रेस के उम्मीदवार हो सकते हैं। अभी चुनाव 1 मई के बाद गति पकड़ेगा लेकिन अभी से ऐसी सूचनाएं आ रही है कि मौजूदा चुनाव में कांग्रेस मजबूत स्थिति में नजर आएगी। कई सीटों पर रोचक मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।

