
फतह सिंह उजाला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
गुरुग्राम 01 अप्रैल । विरेंद्र विज , यातायात पुलिस उपायुक्त, गुरुग्राम के मार्गदर्शन में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल झाड़सा, के छात्रों ने बख्तावर चौक, गुरुग्राम पर यातायात पुलिस के साथ मिलकर यातायात का संचालन करके एक अनोखा कार्य किया है। इस अद्भुत कार्य के दौरान सुखबीर सिंह , सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय/हाईवे, श्री विकास , सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, यातायात निरीक्षक सतीश व बख्तावर चौक के जोनल अधिकारी राजेंद्र, शिव बली,जगदीश वा स्कूल अध्यापक केहर सिंह सैनी,गोपाल वाली और धर्मवीर सिंह जी मौके पर मौजूद रहे।
स्कूली छात्रों ने बख्तावर चौक पर यातायात का संचालन कर अनूठी पहल की शुरुआत की है। बच्चे देश का उज्जवल भविष्य है और इन्होंने यह अद्भुत कार्य करके एक मिसाल भी कायम की है, जिससे आम लोगों को भी यातायात के नियमों के पालन करने के प्रति अपने कर्तव्य का अहसास होगा तथा बच्चे भी यातायात नियमों की पालना करने के लिए भी सजग होंगे। यातायात के संचालन के बाद सभी स्कूली छात्रों को यातायात पुलिस के द्वारा केले,फ्रूटी,समोसे,पानी वितरित किया गया और सभी बच्चों को जेमेट्री बॉक्स भी दिए गए। यातायात पुलिस द्वारा छात्रों को इस प्रकार की ट्रेनिंग भविष्य में भी देना जारी रहेगा और सभी स्कूल छात्रों को ट्रेनिंग देकर बतलाया गया कि वे सभी अपने स्कूल में जाकर अपने साथी छात्रों को भी इस प्रकार की ट्रेनिंग साझा करकर जागरूक करेंगे।
विरेंद्र विज , पुलिस उपायुक्त यातायात, गुरुग्राम के निर्देशन में गुरुग्राम यातायात पुलिस विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के लिए अभियान लगातार चला रही है। ये जागरूकता अभियान चलाकर यातायात पुलिस बच्चों के अंदर यातायात के नियमों की पालना करने की भावना दिल से जागृत करने में अहम भूमिका निभा रही है।
