
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ भारतीय जनता पार्टी ने बेशक इस बार सन्नी देओल को पंजाब के गुरदासपुर से चुनाव मैदान में नहीं उतारा, बेशक हरियाणा में सोनीपत से एक और सेलिब्रिटी योगेश्वर दत्त को टिकट नहीं दी बेशक एक और सेलिब्रिटी गौतम गंभीर चुनाव नहीं लड़ रहे लेकिन भारतीय जनता पार्टी सेलिब्रिटीज के दम पर चुनाव जीतने के अपने प्रयासों से पीछे नहीं रही है ।पता चला है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खास आत्मियता
रखने वाले मिस्टर खिलाड़ी कहे जाने वाले फिल्म स्टार अक्षय कुमार को भारतीय जनता पार्टी संसदीय चुनाव में मैदान में उतर सकती है। बताया जा रहा है कि उन्हें उनके पुराने शहर नई दिल्ली में उनके अपने लोकसभा क्षेत्र चांदनी चौक से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। इसके अलावा चंडीगढ़ से किरण खेर को रिप्लेस करके भी अक्षय कुमार को टिकट दी जा सकती है। यद्यपि अभी फैसला नहीं हुआ है लेकिन फैसला करने का वक्त अभी बाकी है।
उम्मीदवारी के मामले में भारतीय जनता पार्टी तरह तरह के प्रयोग करती रहती है। अभी कई चरणों में चुनाव होना है तो उम्मीदवारों के नाम भी तरह-तरह से प्रयोग करके तय किए जाएंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है।देश में सेलिब्रिटीज राजनीति में आते रहे हैं लेकिन बहुत ऐसे हैं जिन्हें राजनीति रास नहीं आई और उन्होंने राजनीति से तौबा कर ली। अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, उनके पुत्र सनी देओल ,भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन आदि कई सेलिब्रिटीज सांसद रहे परंतु उसके बाद चुनावी राजनीति से दूर चले गए। गोविंदा भी पहले सांसद रहे फिर राजनीति से किनारा करते नजर आए परंतु अब फिर शिवसेना के माध्यम से राजनीति में रूचि लेते नजर आ रहे हैं। पिछले दिनों एक और फिल्म स्टार रणदीप हुड्डा के भाजपा की टिकट पर रोहतक से चुनाव लड़ने की चर्चा सामने आई परंतु उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया ।
नाम तो क्रिकेट के विस्फोटक खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग का भी आया परंतु उन्होंने भी राजनीति में रुचि नहीं दिखाई। कुछ लोग युवराज सिंह का नाम भी राजनीति में उछाल रहे हैं लेकिन अभी ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। देखना है कि अक्षय कुमार चुनाव लड़ने को तैयार होते हैं या नहीं। चुनाव लड़ते हैं तो नई दिल्ली से या फिर चंडीगढ़ से।
