
जीत केलिए 32 साल इंतजार कर निर्दलीय विधायक बने चौधरी रणजीत सिंह चुनाव में मनोहर और और मोदी के रहमो करम पर।
डा नवीन रमन
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़;1968 में आई फिल्म आंखें के एक लोकप्रिय गीत की पक्तियां हिसार लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं के रूझान सोच और रवैये पर अक्षरशः लागू होती नजर आती है जिसमें कहा गया है कि गैरों पे कर्म अपनो पे सितम अ जाने वफ़ा ये ज़ुल्म ना कर। हिसार के चुनाव परिणाम बताते हैं कि यहां के मतदाता स्थानीय नहीं बाहरी उम्मीदवारों को ज्यादा अहमियत देते आए हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में हरियाणा में सबसे हॉट सीट इस बार सही मायनों में रोहतक न होकर हिसार बनी हुई है। खासकर तब से जब से भाजपा ने रणजीत चौटाला को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने रणजीत चौटाला को टिकट देने से चंद घण्टे पहले बीजेपी में शामिल करवाया और उन्हें हिसार से प्रत्याशी बना दिया।।2019 के विधानसभा चुनाव में रानियां (सिरसा) से कांग्रेस की टिकट कटने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़कर उन्होंने चुनाव जीता और हरियाणा सरकार में वो बिजली मंत्री बने। आपको बता दें कि रणजीत सिंह ने इससे पहले 1987 में विधानसभा का चुनाव जीता था। उसके बाद उन्होंने लगातार कई चुनाव हारे यहां तक कि हिसार से भी लोकसभा का चुनाव हारा। मतलब जीत के लिए 32 साल इंतजार करना पड़ा।
हिसार लोकसभा के चुनावी समीकरण को यहां की 9 विधानसभाओं के तासीर से समझा जा सकता है। इसमें 7 विधानसभा हिसार जिले की, एक उचाना जींद जिले की और एक बवानीखेड़ा विधानसभा भिवानी जिले की है। 9 विधानसभाओं में फिलहाल कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है। उचाना से दुष्यंत चौटाला, नारनौंद से रामकुमार गौतम, बरवाला से जोगीराम सिहाग एवं उकलाना से अनूप धानक जेजेपी के विधायक हैं। जबकि बवानी खेड़ा से विशम्भर वाल्मीकि, हिसार से कमल गुप्ता, नलवा से रणबीर गंगवा, आदमपुर से भव्य बिश्नोई और हांसी से विनोद भ्याना बीजेपी के विधायक हैं।
जाति दर बात करें तो 9 विधायकों में से दो जाट, एक धानक, एक वाल्मीकि, एक वैश्य, एक पंजाबी, एक कुम्हार, एक बिश्नोई और एक ब्राह्मण विधायक है।
इस लोकसभा सीट को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात है कि रणजीत सिंह चुनाव हारेगा! दरअसल यही आवाज सभी पार्टियों की तरफ से आ रही हैं। उनमें बीजेपी के नेता कैप्टन अभिमन्यु, भव्य बिश्नोई, रणबीर गंगवा के वर्करों की राय भी कुछ इसी तरह की जान पड़ती है। क्योंकि हिसार लोकसभा की टिकट ये तीनों ही दावेदार थे। दूसरी तरफ जेजेपी और इनेलो की तरफ से भी रणजीत सिंह हारने की आवाज आ रही है। भाजपा की टिकट पर पिछली बार बने सांसद बृजेन्द्र सिंह के वर्करों की तरफ से भी भाजपा उम्मीदवार के हारने की आवाज आ रही है। इसके अलावा कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी जय प्रकाश जेपी के गुट की तरफ से भी रणजीत सिंह के हारने की भविष्यवाणी की जा रहीी है।
ये आवाजें हैं बहुत सारी, पर ये एकजुट नहीं होंगी। दूसरी तरफ हिसार लोकसभा में असली मुद्दा बाहरी का होना चाहिए, क्योंकि रणजीत चौटाला भी हिसार के नहीं बल्कि सिरसा से हैं। जबकि कांग्रेस के सम्भावित प्रत्याशी जेपी भी हिसार के नहीं हैं बल्कि कलायत के हैं। यहां के खेल ही अलग हैं उचाना वालों ने सिरसा से आए दुष्यंत चौटाला को जीत दिला दी, नारनौंद के सिसाय गांव से गए जोगीराम सिहाग को बरवाला वालों ने जीत दिला दी। दरअसल हिसार की तासीर ही रही है कि ये अपनों पर सितम करते हैं और गैरों पर कर्म।
2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की जीत 8 विधानसभाओं में रही थी, जबकि नारनौंद से जेजेपी ने जीत दर्ज की थी। उचाना से 9969, आदमपुर से 23227, उकलाना से 19487, हांसी से 50784, बरवाला से 47977, हिसार से 56465, नलवा से 34413, बवानी खेड़ा से 54453 वोटों से बीजेपी ने जीत दर्ज की थी, जबकि दुष्यंत चौटाला को नारनौंद से 3030 की जीत मिली थी। कांग्रेस के प्रत्याशी भव्य बिश्नोई की जमानत जब्त हुई थी और भजन लाल के गढ़ आदमपुर में भी बुरी तरह हार हुई थी।
हिसार लोकसभा में सबसे ज्यादा 32% जाट मतदाता हैं, ये मतदाता कांग्रेस, जेजेपी, इनेलो और बीजेपी चारों जगह बंटे हुए हैं। दूसरी तरफ हिसार एवं हांसी शहरी एवं कस्बाई सीट होने के कारण बीजेपी के फेवर में हैं तो आदमपुर, बवानी खेड़ा, बरवाला एवं नलवा में जाट वोट % कम होने के कारण बीजेपी को बढ़त है।
2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी रणजीत चौटाला की हिसार, हांसी, नलवा, आदमपुर, बवानी खेड़ा और बरवाला में जीत तय लग रही है तो नारनौंद, उचाना, उकलाना में कांग्रेस की जीत तो होगी पर मार्जिन बहुत बड़ा नहीं होगा।
इस बार हिसार लोकसभा में कुल 1763715 मतदाता हैं और 1757 बूथ हैं।
कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि रणजीत चौटाला को आज के दिन 48% वोट मिलता हुआ दिख रहा है, वहीं कांग्रेस को 36% वोट मिलता हुआ दिख रहा है। बाकी बचे 16% में 7% जेजेपी, 6% इनेलो, 2 बसपा और 1% अन्य को मिलता हुआ दिख रहा है।
