
धर्मपाल वर्मा
दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
चंडीगढ़ । हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लिए निर्वातमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने टांग न खेचने वाले सक्षम और ऊर्जावान विधायकों को जिस तरह से मंत्रिमंडल में शामिल कराया है यह उनकी राजनीतिक चतुराई का प्रमाण है। ऐसा लगता है कि इस नए मंत्रिमंडल ने सरकार की सारी इनकंबेंसी समाप्त कर दी है।

स्वभाव मतलब आदतों के कारण शिकार और फाउल हुए अनिल विज।

अब और पावरफुल हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पानीपत ग्रामीण के विधायक महीपाल ढांडा।
कोई कुछ भी कहे सारे मामले में पर्दे के पीछे खड़े पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल एक शिल्पकार के रूप में दिखाई दे रहे हैं। नए मंत्रिमंडल में कई चीजों का स्पष्ट संकेत है इसमें वह लोग भी हैं जिन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करने का वह लोग विरोध करते थे जो खुद को दिग्गज मानते हैं ।

डॉक्टर अभय सिंह यादव सेवानिवृत आईएएस को मिला मनोहर लाल का आशीर्वाद। रावइंद्रजीत के कथित विरोध के बावजूद बनेमंत्री।
वह लोग भी हैं जिनके मंत्री बनने की चर्चा कोई करता ही नहीं था। यह भी कि किसी ने परफॉर्म नहीं किया तो हटा दिया किसी में ऊर्जा नजर आई तो बना दिया। सबसे बड़ी बात यह है कि आज जितने मंत्री बने हैं उनमें कोई निर्दलीय विधायक नहीं है ।अपने आप को मुख्यमंत्री का दावेदार मानने वाले अनिल विज कहीं नहीं है। केंद्रीय मंत्री और अहीरवाल के राजा राव इंद्रजीत सिंह की स्थिति यह है कि जो दो-दो नए मंत्री बनाने की मांग कर रहे थे उनका इस मंत्रिमंडल में एक भी मंत्री नहीं रह गया है उल्टे जिनका विरोध कर रहे थे उसी डॉक्टर अभय सिंह यादव को मंत्री बना दिया गया है। नए मंत्रिमंडल में लगभग सभी प्रमुख वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है ।

अंबाला शहर के विधायक असीम गयल पार्टी की असीम कृपा। कैंट से चलकर कुर्सी आ गई शहर में।
यदि कमलेश ढांडा को ड्रॉप किया गया है तो जाटों को प्रतिनिधित्व देते हुए पानीपत ग्रामीण से लगातार दो बार विधायक बने महिपाल ढांडा को राज्य मंत्री बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री के विश्वास पात्र पंजाबी समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले सुभाष सुधा भी मंत्रिमंडल में आ गए हैं वह थानेसर का प्रतिनिधित्व करते हैं। हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय कंवर सूरजपाल के पुत्र संजय सिंह को मंत्री बनाया गया है वह राजपूत समाज से हैं सोहना के विधायक हैं। इससे दक्षिणी हरियाणा को भी प्रतिनिधित्व मिला है।
फरीदाबाद जिले से संबंधित दूसरी बार विधायक बनी सीमा त्रिखा भी राज्य मंत्री बनी है। वह जीटी रोड फरीदाबाद और पलवल जिलों का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी। बेशक भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में टिकट बांटते हुए दलितों में रविदासी समाज को ही प्रतिनिधित्व दिया है परंतु मौजूदा मंत्रिमंडल में वाल्मीकि समुदाय को प्रतिनिधित्व देते हुए विशंभर वाल्मीकि को भी मंत्री बनाया है। एक तरह से भी अनूप धनक की कमी पूरी करेंगे।अंबाला कैंट के विधायक अनिल विज को बेशक छुट्टी दे दी गई हो लेकिन अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल को मंत्री बनाकर जीटी रोड बेल्ट अंबाला जिला और अग्रवाल समाज को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

संजय सिंह (सोहना) के पिता थे केबिनेट मंत्री बेटा बना राज्मंमत्री , करेगा गुरुग्राम जिले का प्रतिनिधित्व।

सीमा त्रिखा पहले विधायक फिर सीपीएस अब मंत्री करेंगी दक्षिणी हरियाणा, जीटी रोड बेल्ट और महिलाओं का प्रतिनिधित्व। मंत्रिमंडल में अकेली महिला।
आज स्टेटस पाने वाले सभी विधायक बेशक राज्य मंत्री बने हैं परंतु सबके पास स्वतंत्र प्रभार रहेगा और वह अपने विवेक से अपने काम को परफॉर्म कर पाएंगे। राजनीतिक विश्लेषण करने वाले लोगों का मानना है कि नया मंत्रिमंडल बहुत ही चतुराई और राजनीतिक कौशल का फल है। नए मुख्यमंत्री को जहां अनुभवी लोग मिले हैं वहीं नवागंतुकों की भी अच्छी टीम मिल गई है। अब नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल पर नजर डालें तो पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के चहेते रणजीत सिंह सिरसा और फतेहाबाद जिलों में अकेले मंत्री हो गए हैं। वे निर्दलीय विधायकों का भी प्रतिनिधित्व करेंगे। बेशक गोपाल कांडा निराश हुए हो परंतु मौजूदा मंत्रिमंडल में जहां दो मंत्री अग्रवाल समाज के हैं वही हरियाणा विधानसभा के स्पीकर भी ज्ञानचंद गुप्ता भी अग्रवाल है। अहीरवाल में डा बनवारी लाल अकेले कैबिनेट मंत्री तथा डॉक्टर अभय सिंह राज्य मंत्री हैं। राव इंद्रजीत सिंह के समर्थक विधायक ओमप्रकाश यादव की छुट्टी कर दी गई है ।
नेताओं ने मंत्रिमंडल के विस्तार से कई संदेश दे दिए हैं। एक बात पर पर हैरानी व्यक्त की जा रही है कि भारतीय जनता पार्टी ने जिन निर्दलीय विधायकों का समर्थन हासिल करके सरकार बनाई थी उन में एक रणजीत सिंह को छोड़कर किसी को भी मंत्री नहीं बनाया गया। रणजीत सिंह पहले भी मंत्री थे।अब इन निर्दलीय विधायकों को यह लग रहा होगा कि यह क्या हुआ, ताकत उनकी सरकार भाजपा की!
