
डीडी न्यूज नेटवर्क कुरुक्षेत्र।
इंडियन नेशनल लोकदल के नेता और हरियाणा में इस पार्टी के इकलौते विधायक अभय सिंह चौटाला कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे ।इस आशय की घोषणा लोकसभा चुनाव के लिए बनाई गई इनेलो की समिति के अध्यक्ष प्रकाश भारती ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की है। उन्होंने कहा कि समिति की रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने फैसला किया है कि अभय सिंह चौटाला कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। अभय सिंह चौटाला 2004 में कुरुक्षेत्र से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। उस चुनाव में अभय सिंह चौटाला 160000 मतों से हार गए थे। 2019 में अभय सिंह के पुत्र ने भी कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ा था। अभय सिंह चौटाला के कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ने के इस फैसले के बाद राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अभय सिंह के चुनाव लड़ने से आम आदमी और कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार डॉक्टर सुशील गुप्ता के चुनाव पर असर पड़ सकता है। माना जा रहा है कि इससे इंडियन नेशनल लोकदल को कोई राजनीतिक लाभ हो या ना हो परंतु इससे भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को जरूर लाभ हो जाएगा। क्योंकि अभय सिंह चौटाला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को मिलने वाले वोट बैंक को डेंट करने का काम करेंगे। जाहिर है इसका लाभ भारतीय जनता पार्टी को ही होगा। अभी यह नहीं पता चला है कि इनेलो केवल कुरुक्षेत्र में ही उम्मीदवार खड़ा करेगी या कुछ और सीटों पर भी। लोग इस बात को जानने की कोशिश कर रहे हैं कि इंडियन नेशनल लोकदल ने अकेले कुरुक्षेत्र से उम्मीदवार का नाम तय करने का फैसला किस मकसद से लिया है। इस मामले में कुरुक्षेत्र से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के साझे उम्मीदवार डॉक्टर सुशील गुप्ता से बात करने की कोशिश की गई परंतु उनसे बात नहीं हो पाई।
