
अब राजनीति में एक साथ छक्के उड़ाएंगे कीर्ति और पठान। बन गए तृणमूल की पहचान ।
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.comदेश के कई नामी खिलाड़ी जीवन की अपनी दूसरी पारी चुनावी राजनीति में प्रवेश करके शुरू कर चुके हैं इनमें नवजोत सिंह सिद्धू मोहम्मद अजहरूद्दीन आदि के नाम प्रमुखता से लिए जाते हैं। कीर्ति आजाद भी इनमें से एक हैं। खिलाड़ियों को राजनीति में मतलब चुनावी राजनीति में लाने का काम कांग्रेस में भी किया भाजपा ने भी और इस काम में तृणमूल कांग्रेस भी पीछे नहीं रही है। पिछले दिनों देश में यह चर्चा छिड़ गई थी कि टीम इंडिया के कप्तान रह चुके सौरभ गांगुली भी राजनीति में आ सकते हैं और तृणमूल कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं यह चर्चा उस समय शुरू हुई जब सौरव गांगुली सचिवालय जाकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिले और उनसे आधा घंटा चर्चा की ।इस चर्चा का मकसद क्या था इसकी जानकारी किसी को भी नहीं है ।अब लगता है कि सौरव गांगुली को राजनीति में नहीं आना है परंतु जिन्हें आना था उनके नाम तृणमूल कग्रेस की 42 उम्मीदवारों की सूची में दर्ज हो गए हैं। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की सभी सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इसमें भारत के दो पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान और कीर्ति आजाद के नाम भी शामिल हैं। यूसुफ को तृणमूल कांग्रेस ने बहरामपुर से टिकट दिया है, जबकि कीर्ति आजाद को बर्धमान दुर्गापुर सीट से टिकट मिला है।
यूसुफ कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरेंगे। यूसुफ 2007 में टी20 विश्व कप और 2011 में वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं, जबकि कीर्ति आजाद 1983 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे थे। कीर्ति आजाद 1980 से 1986 तक भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे। वह भाजपा की टिकट पर तीन बार सांसद रह चुके हैं उन्होंने एक चुनाव कांग्रेस की टिकट पर भी लड़ा था।
इरफान पठान के भाई हैं यूसुफ
यूसुफ भारत के एक और पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर इरफान पठान के भाई हैं। वह आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के लिए सात साल खेल चुके हैं। यूसुफ 2012 और 2014 में आईपीएल खिताब जीतने वाली केकेआर टीम का हिस्सा रहे थे। आईपीएल खिताब जीतने के बाद वह कई बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिल चुके हैं और सम्मानित किए जा चुके हैं।
