
डीडी न्यूज नेटवर्क चण्डीगढ़।
बेशक भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में सभी 10 सीटों पर उम्मीदवार खड़े करने की बात कर रही है और इसके लिए उम्मीदवारों के पैनल भी तैयार कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेज दिए गए हैं परंतु अब भी ऐसी संभावना बन रही है कि जैसे कांग्रेस और आम आदमी पार्टी 9 ,1 के फॉर्मूले पर चुनाव लड़ रहे हैं उसी तरह भारतीय जनता पार्टी और जेजेपी भी सीटों का बंटवारा कर सकती है ।ऐसा लगता है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व और जेजेपी के नेता आखिर में इसी फार्मूले पर चुनाव लड़ने का फैसला कर सकते हैं कि भिवानी महेंद्रगढ़, हिसार या कुरुक्षेत्र में से कोई एक लोकसभा क्षेत्र को जेजेपी के लिए छोड़ दिया जाए। ताज़ा रिपोर्ट्स और अनुमानों के अनुसार जेजेपी को हिसार से ही चुनाव लड़ने को कहा जा सकता है । 2014 में दुष्यंत चौटाला हिसार से ही सांसद बने थे और उनकी जीत में भारतीय जनता पार्टी का महत्वपूर्ण योगदान था। पता चला है कि भारतीय जनता पार्टी हिसार की सीट इस शर्त पर जेजेपी को देने को तैयार हो सकती है कि उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला ही हो ।लेकिन दुष्यंत चौटाला से पहले राजनीति में एक्सरसाइज करते आ रहे उनके छोटे भाई दिग्विजय सिंह चौटाला की चुनाव लड़ने को तैयारी कुछ ज्यादा ही है। देखाजाए तोा हिसार लोकसभा क्षेत्र में जननायक जनता पार्टी अपेक्षाकृतज्यादा मजबूत है इस क्षेत्र में आज भी उसके चार विधायक हैं। चौटाला परिवार की अपेक्षा भी हिसार से ही चुनाव लड़ने और दिग्विजय सिंह को ही चुनाव लड़ाने की है ।यह उनका तीसरा चुनाव होगा इससे पहले दिग्विजय चौटाला जींद का विधानसभा का उपचुनाव और सोनीपत लोकसभा का 2019 का चुनाव लड़ चुके हैं। जेजेपी के नेताओं को लगता है कि आखिर में भारतीय जनता पार्टी के नेता एक सीट और वह भी हिसार उनके लिए छोड़ने को तैयार हो जाएंगे ।अब तो दिग्विजय सिंह ने हिसार में जनसंपर्क के लिए कार्यक्रम भी तय कर दिए हैं जो यह दर्शाता है कि अब उनकी प्राथमिकता भी हिसार ही है। यदि ऐसा हुआ तो भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में बड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है। वह इसलिए कि पार्टी को हिसार के सीटिंग एमपी की तो टिकट काटनी पड़ेगी ही, टिकट के दूसरे प्रबल उम्मीदवार पार्टी के वरिष्ठ नेता कैप्टन अभिमन्यु को भी चुनाव नहीं लड़ने के लिए मनाना पड़ेगा। ऐसे में उनके सामने एक बार फिर नारनौंद से ही विधानसभा चुनाव लड़ने का विकल्प शेष रहेगा। नारनौंद का नाम आता है तो यहां एक उलझन और भी है वह है दुष्यंत चौटाला की । बेशक दुष्यंत चौटाला उचाना से ही चुनाव लड़ने का ऐलान कर रहे हैं लेकिन उनका चुनाव लड़ने का दूसरा विकल्प नारनौंद भी है। ऐसे में कैप्टन अभिमन्यु और दुष्यंत चौटाला का आमना सामना हरियाणा की चुनावी राजनीति में बहुत गर्मी लाने का काम कर देगा। यदि हिसार सीट जननायक जनता पार्टीको दे दी गई तो फिर राजनीति के जानकार स्वर्गीय चौधरी भजन लाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की तरह मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी राजनीति का पीएचडी मानना शुरू कर देंगे।

