
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com चण्डीगढ़ ; लोकसभा के आगामी चुनाव के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव की अपनी तैयारी के समय बेशक साफ कर दिया था कि पार्टी हरियाणा में सभी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी । 2019 के चुनाव में पार्टी ने 10 की 10 सीटें जीती थी। इस सब के बावजूद राजनीतिक पर्यवेक्षक ऐसा महसूस करने लगे हैं कि भारतीय जनता पार्टी लोकसभा के चुनाव में हरियाणा में जननायक जनता पार्टी से गठबंधन की शुरुआत करते हुए उसके लिए 10 में से एक सीट छोड़ने को तैयार हो सकती है। यहां यह बात जरूर सामने आ रही है कि पहले जहां जेजेपी हिसार सीट पर अपना दावा प्रस्तुत करती आ रही थी अब यह सीट भिवानी महेंद्रगढ़ हो गई लगती है ।
बताया जा रहा है कि जेजेपी के नेता 10 में से एक सीट पर भी समझौता कर सकते हैं। पिछले दिनों डॉक्टर अजय सिंह चौटाला का बयान आया था कि कानूनी इजाजत मिली तो वह भिवानी महेंद्रगढ़ से चुनाव लड़ेंगे वरना दिग्विजय को लड़ाया जाएगा। जेजेपी का भिवानी महेंद्रगढ़ सीट पर इस तरह दावा करने के पीछे यही आधार है कि डॉक्टर अजय सिंह चौटाला भिवानी से सांसद रह चुके हैं। विधानसभा के चुनाव में भी नैना चौटाला ने इसी लोकसभा क्षेत्र के बाढडा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था।
ऐसा लगता है कि अजय सिंह चौटाला को इस बात का यकीन हो रहा है कि उन्हें चुनाव लड़ने की इजाजत मिल सकती है और केंद्र सरकार चाहे तो यह काम कठिन नहीं है। डॉ अजय सिंह का इस तरह बयान देना यह दर्शाता है कि इस मामले में कोई न कोई प्रगति जरूर हुई है। यहां एक बात जरूर है कि अजय सिंह को इस तरह की इजाजत मिली तो फिर उनके पिता और इनेलो के नेता पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को भी मिल जाएगी।
मजे की बात की है कि जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी के पास हिसार लोकसभा क्षेत्र में दर्जनों उम्मीदवार हैं वैसे ही भिवानी महेंद्रगढ़ की स्थिति है। यहां भाजपा के मौजूदा सांसद धर्मवीर सिंह भी चुनाव जीत सकते हैं इसके अलावा पार्टी के पास कई मजबूत उम्मीदवार हैं।
आपको बता दें कि जब भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रभारी विप्लव देव ने यह बयान दिया कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में 10 की 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी उसके बाद जननायक जनता पार्टी ने भी सभी लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने की अपनी तैयारी के दृष्टिगत लोकसभा चुनाव क्षेत्र स्तर पर जनसभाएं करने का ऐलान किया था। उस समय पहला कार्यक्रम सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में हुआ था। पार्टी कुछ और लोकसभा क्षेत्र में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है परंतु इस समय ऐसा लग रहा है कि जेजेपी ने अपना फोकस भिवानी महेंद्रगढ़ की एक सीट पर कर लिया है।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई बेशक 10 की 10 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है लेकिन जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हरियाणा के मामले में निर्णायक स्थिति में होते हैं उसे देखते हुए एक सीट जेजेपी के लिए छोड़ने के आदेश हुए तो किसी को कोई आश्चर्य नहीं होगा। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी एनडीए के अपने कुनबे को बढ़ाने की जरूरत को देखते हुए जेजेपी को दरकिनार करने के मूड में नहीं है। जेजेपी के नेता भी जानते हैं कि दूध में मिलकर पानी भी ₹60 किलो बिकता है ।ऐसे में 9 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की जीत की संभावना का लाभ तो जेजेपी के उम्मीदवार को मिलेगा ही ,लोकसभा में इस तरह का गठबंधन हुआ तो फिर विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन की संभावनाएं बढ़ जाएगी। हालांकि डॉक्टर अजय सिंह चौटाला के लिए यह चुनाव आसान रहने वाला नहीं है लेकिन पार्टी का दावा है इसी सीट पर।
यद्यपि इस बारे में जेजेपी के नेताओं की ओर से कोई बयान नहीं आया है लेकिन राजनीति में रुचि रखने वाले लोगों का मानना है कि भारतीय जनता पार्टी का जेजेपी के लिए एक सीट छोड़ देना और जेजेपी का एक सीट से संतुष्ट हो जाना कठिन नहीं है। भारतीय जनता पार्टी पर विरोधी यह आरोप लगाते रहे हैं कि भाजपा नेता मौका परस्त है और सहयोगी दलों को बीच रास्ते में छोड़कर आगे निकल जाते हैं पंजाब में शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन टूटने के बाद इस क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी रिस्क लेने से बचना चाहती है। ऐसे में संभव है कि डॉक्टर अजय सिंह के लिए भाजपा की ओर से दो शुभ संदेश एक साथ आ जाए। उन्हें चुनाव लड़ने की इजाजत मिल जाए और भिवानी महेंद्रगढ़ की सीट जेजेपी के लिए छोड़ दी जाए। भिवानी महेंद्रगढ़ सीट को लेकर खास खबर यह है कि चरखी दादरी के निर्दलीय विधायक सोमवीर सांगवान ने भी इस सीट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है उन्होंने इसकी जानकारी मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पार्टी के प्रभारी विप्लव देव को दे दी है। इस मामले में पार्टी के पास एक और मजबूत विकल्प हो गया है। श्री सांगवान वह व्यक्ति हैं जो इस क्षेत्र में जाट मतदाताओं से व्यक्तिगत प्रभाव के बूते पर भाजपा के पक्ष में मतदान करा सकते हैं। इस क्षेत्र के जाट मूल रूप से भारतीय जनता पार्टी और उसकी विचारधारा के खिलाफ हैं लेकिन राजपूत मतदाता भाजपा के पक्ष में मतदान करते नजर आते हैं। गैर जाट मतदाताओं का बहुमत भी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन करेगा ऐसी आम मान्यता है। इसलिए सोमवीर सांगवान भारतीय जनता पार्टी के लिए एक मजबूत उम्मीदवार के रूप में देखे जाते हैं
खाप पंचायतों के लिए अग्रणी भूमिका निभाने वाले पंचायती और सकारात्मक व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं। इसी कारण श्री सांगवान के प्रति कृषक वर्ग की जो सहानुभूति है वह भाजपा के काम आ सकती है ।श्री सांगवान इस क्षेत्र में निर्णायक माने जाने वाली सांगवान खाप के प्रधान हैं। मूल रूप से भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जुड़े सामाजिक दृष्टिकोण के व्यक्ति हैं। अब देखना यह है कि पार्टी उनके नाम पर विचार करती है, मौजूदा सांसद को ही टिकट देती है ,किसी और उम्मीदवार पर सहमत होती है या फिर इस सीट को जेजेपी के लिए छोड़ने का फैसला करती है। भिवानी महेंद्रगढ़ की इस सीट पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, महिला पहलवान बबीता फोगाट, कृषि मंत्री जेपी दलाल के अलावा विधायक डॉक्टर अभय सिंह यादव केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव केंद्रीय मंत्री वीके सिंह को भी उम्मीदवार माना जा रहा है। अंत में एक बात और नजर आ रही है कि अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी चुनाव के मोड में आ गए हैं ऐसे में समय से कुछ पहले भी लोकसभा के चुनाव कराए जा सकते हैं भारतीय जनता पार्टी ऐसा करके न केवल राम मंदिर के मामले में राजनीतिक लाभ लेना चाहेगी बल्कि समय से पहले चुनाव कराकर कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के कार्यक्रम को भी इस तरह से प्रभावित कर सकेगी कि राहुल गांधी को यह यात्रा बीच में छोड़कर ही आने को मजबूर होना पड़ेगा। समय से पहले चुनाव की घोषणा हो गई तो भला राहुल गांधी इस यात्रा को जारी कैसे रख पाएंगे।
