
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
जयपुर राजस्थान विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सामने कांग्रेस वाली चुनौती आ सकती है। लोकसभा को ध्यान में रखकर बने I.N.D.I.A गठबंधन के घटक दल आम आदमी पार्टी (AAP) मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के लिए चुनौती पेश कर रही है। वहीं बीजेपी को राजस्थान में ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, बीजेपी की अगुवाई एनडीए गठबंधन के दो प्रमुख घटक दल शिवसेना (शिंदे गुट) और जननायक जनता पार्टी राजस्थान विधानसभा चुनाव में अपने दम पर प्रत्याशी उतारने का मन बना रही है। दोनों दलों ने संकेत दिए हैं कि राजस्थान विधानसभा चुनाव में वे एनडीए घटक दल के रूप में नहीं बल्कि अकेले चुनाव लड़ सकते हैं। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बीजेपी से राजस्थान में सीटें देने की मांग की थी, जिसे मना कर दिया गया है। सूत्र बताते हैं कि जेजेपी राजस्थान में बीजेपी से 30 सीटों की डिमांड कर रही है। दुष्यंत चौटाला का तर्क है कि राजस्थान के जाटलैंड में उनके परिवार का अच्छा खासा जनाधार है। साल 1989 में उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल राजस्थान के सीकर से ही लोकसभा चुनाव जीते थे। इसी व चौटाला परिवार के ही दूसरे सदस्य अजय सिंह चौटाला भी 1989 में दांतारामगढ़ से चुनाव जीतकर राजस्थान विधानसभा में पहुंचे थे। जनता दल के के राजस्थान में छह विधायक चुने गए थे इन में भी अजय सिंह चौटाला शामिल थे। दुष्यंत का दावा है कि सीकर जिले के फतेहपुर और दांतारामगढ़ विधानसभा सीट पर जेजेपी की मजबूत स्थिति है। वहीं बीजेपी भी फतेहपुर को अपने लिए आसान सीट मानती है। बीजेपी नेताओं का मानना है कि जेजेपी का कोई वजूद नहीं है। इसलिए गठबंधन की कोई गुंजाइश ही नहीं है। दूसरी तरफ दांतारामगढ़ सीट से कांग्रेस के मौजूदा विधायक वीरेंद्र सिंह चौधरी की पुत्री रीटा चौधरी ने जेजेपी ज्वाइन कर लिया है। जेजेपी ने उन्हें महिला विंग का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। माना जा रहा है कि रीटा चौधरी दांतारामगढ़ से जेजेपी के टिकट पर चुनाव में उतरना चाहती हैं। सूत्र बताते हैं कि राजस्थान विधानसभा चुनाव में शिवसेना शिंदे गुट भी बीजेपी से 10 सीटें चाहती है। हाल ही में लाल डायरी प्रकरण के बाद अशोक गहलोत सरकार से बर्खास्त मंत्री और झुंझुनूं के उदयपुर वाटी से विधायक राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने शिवसेना शिंदे गुट को ज्वाइन किया है। गुढ़ा चाहते हैं कि उनकी पार्टी का बीजेपी से गठबंधन हो जाए। लेकिन मौजूदा दौर में यह संभव नहीं दिखता है। बीजेपी के राजस्थान ईकाई के नेता कतई नहीं चाहते हैं कि शिवेसना शिंदे गुट और जेजेपी जैसी पार्टियों से गठबंधन किया जाए। राजस्थान बीजेपी के एक खेमे को लगता है कि शिवसेना शिंदे गुट और जेजेपी जैसी पार्टियों से समझौता करने पर इसका प्रतिकूल प्रभाव सामने आ सकता है। जनता में एक संदेश जा सकता है कि बीजेपी में अब पुरानी ताकत बची नहीं है।
