धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
चंडीगढ़।

भारतीय जनता पार्टी की नीतियों में विश्वास करते हुए चुनावी राजनीति में भी धमाल मचाने वाले फिल्म एक्टर धर्मेंद्र कि परिवार के तीन लोग संसद में पहुंचे हैं लेकिन अगले लोकसभा चुनाव में ऐसे हालात बन सकते हैं कि धर्मेंद्र के परिवार का कोई भी व्यक्ति लोकसभा का चुनाव न लड़े। सब जानते हैं कि धर्मेंद्र भाजपा की टिकट पर बीकानेर राजस्थान से सांसद बने थे ।उनकी पत्नी हेमा मालिनी मथुरा से भाजपा की मौजूदा सांसद हैं जबकि उनके बड़े पुत्र सनी देओल पंजाब में गुरदासपुर सीट से भाजपा के सांसद हैं। धर्मेंद्र एक बार सांसद रहकर राजनीति को तिलांजलि दे चुके हैं अब उनकी पत्नी हेमा मालिनी जो 75 वर्ष की होने वाली हैं को शायद ही भारतीय जनता पार्टी इस बार भी मथुरा से टिकट दे। हेमा मालिनी के भाजपा द्वारा चुनाव न लड़ाने के पीछे और भी कई कारण बताए जा रहे है। कुछ लोगों ने तो यह भी कहना शुरू कर दिया है कि हो सकता है भारतीय जनता पार्टी सनी देओल को हेमा मालिनी की जगह मथुरा से चुनाव लड़ाने को तैयार कर ले।

हेमा मालिनी 75 वर्ष की होने जा रही है तो सनी देओल कई कारणों से चुनाव से हट सकते हैं।
राजनीतिक पर्यवेक्षक यह मानकर चल रहे हैं कि ग़दर 2 फिल्म की कामयाबी के बाद सनी देओल की लोकप्रियता सातवें आसमान पर है ।भारतीय जनता पार्टी पंजाब को एक राजनीतिक प्रयोगशाला के रूप में देखती है बेशक वहां आम आदमी पार्टी की सरकार है लेकिन भारतीय जनता पार्टी पंजाब में लोकसभा के चुनाव को लेकर काफी गंभीर है और उसकी कोशिश सभी सीटों पर मजबूत उम्मीदवार खड़े करने की रहेगी ताकि वह अपने ज्यादा से ज्यादा सांसद जिता कर ला सके। ऐसे में गुरदासपुर सीट से सनी देओल चुनाव लड़ेंगे या नहीं यह एक अहम सवाल है। इस बारे में अभी तक सनी देओल की ओर से कोई बयान नहीं आया है।कुछ लोगों का मानना है कि धर्मेंद्र कहो या सनी देओल दोनों का मकसद एक बार पंजाब से चुनाव था जो पूरा हो चुका है। ऐसे में सनी देओल खुद ही चुनाव लड़ने से भी मना कर सकते हैं। इसका एक कारण यह भी है कि किसान आंदोलन के बाद पंजाब का जट सिख मतदाता भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ खुलकर ताल ठोक रहा है। ऐसे में सनी देओल के लिए भी चुनाव कठिन हो सकता है। इसलिए ऐसा लगता है कि जैसे धर्मेंद्र ने दूसरा चुनाव लड़ने से मना कर दिया था वैसे ही सनी देओल भी चुनाव से किनारा कर सकते हैं। हो सकता है अमिताभ बच्चन राजेश खन्ना और गोविंदा की तरह सनी देओल भी राजनीति से तौबा कर जाए। यह देखा गया है कि सेलिब्रिटी जनप्रतिनिधि जनता को पूरा समय नहीं दे पाते इससे उनके प्रति नाराजगी बढ़ जाती है और वह खुद ही चुनाव से हट जाते हैं।
पंजाब में एक और बड़ा सवाल यह है कि 2019 में गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र से सनी देओल ने कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में जिस उम्मीदवार सुनील जाखड़ को हराया था वह आज भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष है और पार्टी उन्हें हर हालत में लोकसभा का चुनाव लड़ाना चाहती है। चुनाव क्षेत्र के रूप में सुनील जाखड़ की प्राथमिकता गुरदासपुर ही रहेगी ।ऐसे में यह भी संभव है कि सनी देओल बेशक चुनाव न लड़े लेकिन पार्टी उन्हें उम्मीदवार होने पर सुनील जाखड़ की मदद करने के लिए जरूर कहेगी। इसलिए कल के दो प्रतिद्वंदी भविष्य में एक ही मंच पर आकर भारतीय जनता पार्टी के हाथ मजबूत करने की अपील करते नजर आए तो किसी को आश्चर्य नहीं होगा। राजनीतिक पर्यवेक्षक यह भी मानकर चल रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी के नेता यह कोशिश भी कर सकते हैं कि सुनील जाखड़ गुरदासपुर से लड़े और सनी देओल को अमृतसर से चुनाव में उतार दिया जाए। भारतीय जनता पार्टी के नेता इस तरह के परीक्षण करते रहते हैं लेकिन बहुत लोगों का मानना यह है कि शायद सनी देओल अब चुनाव लड़ने का जोखिम ही मोल नहीं लेंगे। अब उनकी प्राथमिकता अपने बच्चों को फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित करने की नजर आ रही है।अब देखते हैं कि सनी देओल और हेमा मालिनी 2024 के चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार के रूप में जोर आजमाइश करने आएंगे या नहीं। लगता तो नहीं पर हो भी सकता है।

गुरदासपुर से कांग्रेस के बाद भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ सकते हैं सुनील जाखड़।
