
रणदीप सिंह सुरजेवाला को संगठन में और ज्यादा अहमियत देने की कवायद !
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से सटा होने के कारण भारतीय जनता पार्टी के नेता हरियाणा के राजनीतिक महत्व को न केवल समझते हैं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह यहां की राजनीति में व्यक्तिगत रुचि भी रखते हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेता इसके अलावा उत्तर भारत की हिंदी बेल्ट में अपेक्षा से भी ज्यादा पॉलिटिकल एक्सरसाइज करते हैं ।
अब शायद कांग्रेस ने भी इसी विचार पर काम करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने अब हरियाणा की राजनीति में रुचि लेनी शुरू कर दी है ।इसके कई उदाहरण सामने आए हैं । 7 अगस्त को हरियाणा के कांग्रेस के नेताओं की दिल्ली में हुई बैठक में राहुल गांधी विशेष तौर पर शामिल हुए और पार्टी के नेताओं को इस तरह के टिप्स दिए कि भविष्य में कांग्रेस मजबूत हो।
राजनीतिक पर्यवेक्षक यह मानने लगे हैं कि राहुल गांधी को अब यकीन हो गया है कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने के अच्छे आसार हैं और हरियाणा में कांग्रेस की सरकार होने का मतलब कई मायनों में खास हो सकता है। पिछले दिनों राहुल गांधी का हरियाणा में सोनीपत जिले के मदीना गांव में आकर खेतों में किसानों से मिलना , प्रियंका गांधी के सोनीपत से चुनाव लड़ने की चर्चाएं और कांग्रेस के नेताओं को एकजुटता और मजबूती के मूल मंत्र देना यह प्रमाणित कर रहा है कि राहुल गांधी और कांग्रेस के दूसरे नेता हरियाणा की राजनीति पर फोकस करके चल रहे हैं।
इसी सोच के दृष्टिगत एक नई संभावना कांग्रेस के दो नेताओं रणदीप सिंह सुरजेवाला और सचिन पायलट के काम आ सकती है। उत्तर भारत की हिंदी बेल्ट और हरियाणा को प्रतिनिधित्व देने का एक विचार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को नया कलेवर दे सकता है । पता चला है कि कांग्रेस पार्टी के नेता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे के नीचे पार्टी का एक उपाध्यक्ष, एक कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की योजना पर काम कर रहे है ।इसका मकसद जहां संगठन को मजबूत करना है वही हिंदी भाषी उत्तर भारत की बेल्ट को प्रतिनिधित्व देना भी है ।
आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खडगे, संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल और कांग्रेस मीडिया कोआर्डिनेशन प्रभारी जयराम रमेश वह नेता है जिनका ताल्लुक दक्षिण भारत से है। मल्लिकार्जुन खड़गे और जय राम रमेश दोनों कर्नाटक प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं । पता चला है कि ऐसे में उनके नीचे रणदीप सिंह सुरजेवाला को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष या ,कार्यकारी अध्यक्ष या के सी वेणुगोपाल की जगह संगठन महासचिव बनाने की योजना है। उपरोक्त तीन पदों में से एक पर राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को समायोजित किया जा सकता है। ऐसा करके कांग्रेस एक तीर से दो शिकार करने की कोशिश में दिख रही है। रणदीप सिंह सुरजेवाला इस समय हरियाणा में फील्ड में उतरे हुए हैं और थोड़े से दिनों में उन्होंने न केवल अपना जनसंपर्क बढ़ाया है बल्कि यह साबित भी करने की कोशिश की है कि कांग्रेस में उनकी अहमियत बढी है। हाल ही में उन्हें मध्य प्रदेश राज्य में पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
उधर कांग्रेस के नेताओं ने यह साबित करने की कोशिश की है कि पार्टी रणदीप सिंह सुरजेवाला के माध्यम से जाटों को भी प्रभावित करना चाहती है। रणदीप सिंह सुरजेवाला राज्यसभा में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हैं राजस्थान में दिसंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं प्रदेश में जाट मतदाता निर्णायक हैं ।ऐसे में रणदीप सिंह सुरजेवाला की राष्ट्रीय राजनीति में ताजपोसी का यह भी एक राजनीतिक मकसद हो सकता हैं।
उधर पार्टी के कुछ नेताओं और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से असंतुष्ट चले आ रहे सचिन पायलट को राष्ट्रीय राजनीति में स्थापित कर कांग्रेस एक बैलेंस बनाने की कोशिश कर सकती है ।अब देखना यह है कि सचिन पायलट मुख्यमंत्री बनने की होड़ में बने रहना पसंद करेंगे या संगठन में राष्ट्रीय रुतबा हासिल करने संतुष्ट हो जाएंगे। इन दोनों नेताओं को लेकर राहुल गांधी का विजन सर्व विदित है। इसलिए आने वाले समय में पार्टी इन दोनों नेताओं के अलावा उत्तर भारत के एक दो और नेता को भी राष्ट्रीय संगठन में समायोजित कर सकती है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खडगे और महासचिव रणदीप सुरजेवाला में आपसी समझ आला दर्जे की है।
