
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
dakshdarpan2022@gmail.com
चंडीगढ़/रोहतक, 5 अगस्त। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नूंह हिंसा की जांच करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हिंसा के दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह राजनीतिक व्यक्ति हो या कोई सामाजिक कार्यकर्ता हो। वे शनिवार को रोहतक में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार द्वारा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को नूंह में हिंसा की जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा विभिन्न साक्ष्यों व जांच के आधार पर हिंसा में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर एफआईआर दर्ज की गई है और गिरफ्तारियां भी की गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा व राजस्थान की पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ मिलकर कार्य करना चाहिए। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि समाज में भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेवारी है।

इससे पहले लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता के दौरान डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जनसुनवाई की। एक शिकायत पर उपमुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे श्रमिक मुआवजा अधिनियम के तहत शिकायतकर्ता को शेष ब्याज की लंबित राशि का 48 घंटे में भुगतान करवाना सुनिश्चित करें। एक बुजुर्ग की बुढ़ापा पेंशन की शिकायत पर दुष्यंत चौटाला ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे शिकायतकर्ता की 15 दिन में पेंशन बनवाए और यह सुनिश्चित करें कि दस्तावेज पूर्ण न होने की स्थिति में आवेदक को तुरंत सूचित किया जाए ताकि वह अधूरे दस्तावेज जमा करवा सके और समय पर पेंशन स्वीकृत हो सके। दुष्यंत चौटाला ने इसी तरह बैठक में खेतों में जल निकासी, कूड़ा उठान, पेयजल आदि संबंधित करीब 16 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया और शेष शिकायतों के संदर्भ में समितियां गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके उपरांत डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जेजेपी कानूनी प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित किया और पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
