
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
असंध । ओबीसी ब्रिगेड की प्रदेश कार्यकारिणी का जल्द ही विस्तार किया जाएगा। प्रदेश कार्यकारिणी महिला विंग व युवा विंग में पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जाएगी । संगठन में अधिक से अधिक युवाओं को जिम्मेदारियां दी जाएगी। उपरोक्त विचार ओबीसी ब्रिगेड हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र तंवर ने जारी एक बयान में कहें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में ओबीसी के अधिकारों, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के लिए ओबीसी ब्रिगेड ने प्रदेशभर में दस लाख नए सदस्य बनाने का अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। तंवर ने कहा कि सरकार लगातार पिछड़ा वर्ग के हक अधिकारों को नजरंदाज कर उनके हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम व द्वितीय श्रेणी की नौकरियों में 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाए ताकि ओबीसी के बच्चों को अधिकारी बनने का मौका मिल सकें। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि लोकल बॉडीज और पंचायती राज संस्थाओं तथा सत्ता व राजनीतिक पार्टियों के संगठनों में जनसंख्या के हिसाब से आरक्षण का प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग अब गुमराह नहीं होगा बल्कि अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होगा। ओबीसी ब्रिगेड के प्रदेश प्रवक्ता रोहताश वर्मा ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कुछ और नियुक्तियां भी जल्द की जाएगी । वर्मा ने कहा कि ओबीसी ब्रिगेड के प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र तंवर के नेतृत्व में प्रदेश स्तर पर संगठन और अधिक सक्रिय होकर सामाजिक न्याय व संगठनात्मक मजबूती की दिशा में कार्य करेगा।
