जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का दिया संदेश

दक्ष दर्पण समाचार सेवा
फतेहाबाद। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिलेभर में विभिन्न जलघरों, ट्यूबवेलों एवं बूस्टिंग स्टेशनों पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज जलघर भोड़ा होशनाक में भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, विभागीय कर्मचारियों तथा ग्रामीणों ने भाग लेकर दीप प्रज्वलित किए और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में श्री भवानी सिंह, संस्थापक महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट, शर्मा चंद लाली, जिला सलाहकार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग फतेहाबाद, सरदार गुरचरण सिंह खोखर, सदस्य ग्रीवेंस एवं विजिलेंस कमेटी फतेहाबाद, श्री यादविंदर सिंह गिल, सरपंच थेड़ी, श्री जतिन गोयल, श्री रवि कुमार भाकर, आईसीएस कोचिंग सेंटर फतेहाबाद, माही मालिया, कलाकार, ललित, ब्लॉक अध्यक्ष नशा मुक्ति टीम, विभागीय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने जलघर परिसर में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज करवाई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जल हमारे जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल का संरक्षण करना आज की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पीने के पानी का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए करें तथा पानी की किसी भी प्रकार की बर्बादी को रोकने में विभाग का सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि जल और पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। यदि हम जल स्रोतों को सुरक्षित रखते हैं और अधिक से अधिक पेड़ लगाते हैं, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण तैयार किया जा सकता है।
शर्मा चंद लाली, जिला सलाहकार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग फतेहाबाद, ने कहा कि विभाग द्वारा जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को जल संरक्षण के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जलघरों पर आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम केवल दीप प्रज्वलन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से आम जनता को पानी की महत्ता और उसकी बचत का संदेश भी दिया जा रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि घरों में पानी की टोंटियां खुली न छोड़ें, पाइप से अनावश्यक रूप से पानी न बहाएं तथा पीने के पानी का इस्तेमाल वाहनों की धुलाई, सड़कों की सफाई अथवा अन्य गैर-जरूरी कार्यों में न करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति द्वारा थोड़ी-थोड़ी बचत करने से बड़ी मात्रा में पानी बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में “जल बचाओ, पेड़ लगाओ, नशा भगाओ” का संदेश भी दिया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज को जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के लिए भी सामूहिक रूप से आगे आना चाहिए। युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें खेल, शिक्षा और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता है।
सरदार गुरचरण सिंह खोखर ने कहा कि जल संरक्षण केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जलघर और पेयजल व्यवस्था से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों को दें और पानी की बर्बादी रोकने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में उपस्थित सरपंच यादविंदर सिंह गिल ने भी ग्रामीणों से जल संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ग्रामीणों का सहयोग बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति अभियान को लेकर भी जागरूकता संदेश दिया गया। ललित, ब्लॉक अध्यक्ष नशा मुक्ति टीम, ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार, समाज और संस्थाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे। युवाओं को खेलों, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
कलाकार माही मालिया की उपस्थिति ने भी कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। उपस्थित ग्रामीणों ने सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
