
गौरव राजपुरोहित
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
मुम्बई।
लुधियाना में जालंधर-पानीपत नेशनल हाईवे पर लाडोवाल टोल प्लाज़ा के निकट गांव बौंकड़ डोगरा में पुलिस ने एनकाउंटर के बाद आईएसआई आतंकी माड्यूल के दो आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया। बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर ग्रेनेड एक्सचेंज करने आए आतंकियों ने पुलिस से घिरने के बाद डीसीपी की गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी पुलिस कि जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी को तीन और दूसरे को एक गोली लगी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर है। मौके से 2 चाइना मेड ग्रेनेड, 5 चाइनीज़ पिस्टल और 50 से अधिक कारतूस बरामद हुए हैं। आतंकियों का कनेक्शन लारेंस विश्नोई गैंग के गैंगस्टर हैरी बाक्सर से है, जिसने मुंबई में फिल्म अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग की थी लुधियाना पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के अनुसार, कुछ दिन पहले बस्ती जोधेवाल इलाके से पाक आतंकी माड्यूल से जुड़े तीन आरोपी हरियाणा के अजय, बिहार के अर्श और पंजाब के शमशेर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार दोनों आतंकी ग्रेनेड की डिलीवरी लेने आए थे पाकिस्तान में बैठे आइएसआइ से जुड़ा हैंडलर इन्हें वर्चुअल नंबर के जरिये निर्देश दे रहा था। हर व्यक्ति को अलग-अलग टास्क दिया गया था और इसी चेन के जरिये ग्रेनेड अटैक की साजिश रची जा रही थी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पकड़े गए माड्यूल को निर्देश दिया गया था कि ग्रेनेड उन्हें कोई देने आएगा और उन्हें एक्सचेंज करना है। इन्हें लेने के बाद इन्हें एक तय स्थान पर फेंककर हमला करना था ताकि बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया जा सके और लुधियाना शहर में दहशत फैलाई जा सके। इनपुट मिलने पर लुधियाना पुलिस ने हाईवे के पास ट्रैप लगाया। गांव बौंकड़ डोगरा में जब इन आतंकियों को पुलिस ने घेरा तो इन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। डीसीपी हरपाल सिंह की गाड़ी पर चार गोलियां चलाईं। पुलिस ने पहले हवाई फायरिंग कर चेतावनी दी, लेकिन जब आतंकियों ने नहीं माना तो पुलिस ने भी चार गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के बाद दोनों आतंकियों को काबू कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूरे माड्यूल और इसके विदेशी हैंडलरों के बारे में जल्द जानकारी दी जाएगी। लुधियाना पुलिस आगे कि जांच कर रही है
