
image साभार ।
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़। अब नई चर्चा यह है कि हरियाणा में भाजपा सरकार में बहुत कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कहते हैं कि मौजूदा सरकार उसके समर्थकों को भी असहज नजर आने लगी है। पार्टी में कई ऐसी चीजें उभर कर आई हैं जो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लिए चुनौती बन सकती हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। भिवानी के हाल के मनीषा प्रकरण ने यह साबित कर दिया है कि मुख्यमंत्री गृहमंत्री के रूप में भी लगातार असफल होते जा रहे हैं। इस मामले में सरकार को भिवानी का एसपी तक बदलना पड़ा थाना प्रभारी को और जांच अधिकारी को सस्पेंड करना पड़ा और लोग यह महसूस करने लगे हैं कि सरकार अंत में जांच सीबीआई को देकर इस मामले से पल्ला झाड़ने की कोशिश में रही। प्रदेश में किस तरह के और कैसे-कैसे अपराध बढ़ रहे हैं उसे कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला मौका मिलते ही न केवल जनता के सामने रख रहे हैं बल्कि सरकार की नींद भी हराम करने में लगे हुए हैं।
शराब के ठेकों की नीलामी को लेकर सरकार को जिस तरह से बैक फुट पर आकर काम करना पड़ा वह चिंता का विषय है। अपराध प्रदेश के हर कोने में हो रहे हैं ।अपराधियों के हौसले बुलंद हैं इसे पूरे हरियाणा में महसूस किया जा रहा है।
रोज खबर आती है कि सरकार ने राज्य में कार्यकर्ताओं को लाभ के पदों पर समायोजित करने की तैयारी कर ली है। इस बारे में बैठकों का भी आयोजन हुआ है लेकिन सरकार मार्केट कमेटियों तक का गठन नहीं कर पाई है ।जिन कार्यकर्ताओं और नेताओं को बोर्ड और निगमों में चेयरमैन बनने की आस है उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। लोग कहते हैं कि हरियाणा में व्यवहार में एक नहीं तीन मुख्यमंत्री हैं और यह तीन कौन-कौन हैं सब जानते हैं।
अभय सिंह चौटाला मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की स्थिति के संदर्भ में मीडिया में बड़ी स्पष्ट बात करते हुए कहते हैं कि मुख्यमंत्री डमी है उनसे प्रदेश नहीं संभाल पा रहा है । उन्हें अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। मुख्यमंत्री को डमी दूसरे दलों के नेता भी बता रहे हैं और चल किसकी रही है इस बात का खुलासा भी सरे आम होता है।
भाजपा में अनुशासन की बात करें तो आप समझ सकते हैं कि मानेसर के नगर निगम के चुनाव में बेशक भारतीय जनता पार्टी ने उसके कई बड़े नेताओं ने मेयर के उम्मीदवार के रूप में जो भी उम्मीदवार उतारा हो उसे निर्दलीय उम्मीदवार डॉक्टर इंद्रजीत ने राव इंद्रजीत की समर्थक के नाम से ही हरा दिया था। सारी भाजपा, और हरियाणा सरकार की इच्छा और अपेक्षा के बावजूद राव इंद्रजीत एक दिन भी मानेसर के चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने नहीं गए।
अहीरवाल में राव इंद्रजीत सिंह के प्रतिद्वंद्वी कहे जाने वाले कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह बेशक यह नहीं चाहते कि मानेसर नगर निगम की मेयर को भाजपा में शामिल किया जाए लेकिन राव इंद्रजीत सिंह इसी मेयर के कार्यालय का उद्घाटन भी करने पहुंच गए। यहां उन्होंने एक सवाल के जवाब में स्पष्ट कर दिया कि मेयर को भाजपा में शामिल कराया जाएगा इस बारे में उनके नेताओं से बात हो चुकी है। यदि मानेसर की मेयर भाजपा में शामिल कर ली गई तो इसका विरोध करने वाले भाजपा नेताओं की कितनी किरकिरी होगी इसका अनुमान सहज ही लगाया जा सकता है। जानकार इस बात का दावा कर रहे हैं कि यह काम तो हो कर रहेगा।
खास बात यह भी देखी गई की मेयर के दफ्तर के उद्घाटन के बाद जब केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह बाहर आए तो उनके समर्थकों ने जो नारे लगाए वह यह साबित करने के लिए काफी है कि मनोहर लाल रहे हों या अब नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री हों दक्षिणी हरियाणा मतलब अहीरवाल के लोगों की मुख्यमंत्री के रूप में पहली पसंद राव इंद्रजीत है और वे लोग छाती ठोक कर कहना चाहते हैं कि वे राव इंद्रजीत सिंह को मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं।
यह अलग बात है कि यह काम इतना आसान नहीं है। “हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो इंद्रजीत जैसा हो” के उस वक्त के नारों की गूंज पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल मौजूदा मुख्यमंत्री नारायण सिंह सैनी सहित पूरी बीजेपी हाई कमान ने सुनी होगी।
लेकिन हरियाणा के मामले में एक बात साफ हो गई है कि सरकार पर भाजपा के वही लोग ही दबाव बना पा रहे हैं जिनमें खुद में दम है । जो चुनाव नहीं जीत पा रहे या बार-बार हार रहे हैं मतलब अब किसी भी सदन के सदस्य नहीं है वह खुद को कितना ही बड़ा नेता मानकर चल रहे हो उनकी सरकार में क्या पार्टी में भी कोई बड़ी व्यवहारिक हैसियत नहीं रह गई है। मौजूदा सरकार में अफसर शाही पूरी तरह हावी है क्योंकि सरकार में और पार्टी में फूट की खबर उन्हें तुरंत हो जाती है ।
अभय सिंह चौटाला के अलावा अब कांग्रेस के नेता भी मौजूदा सरकार पर हावी होते जा रहे हैं ।हाल के विधानसभा सत्र में सरकार और मुख्यमंत्री विचलित और परेशान नजर आए।
अब स्थितियां इस कदर बदल रही है कि विपक्ष हरियाणा में सरकार को घेरने में बिल्कुल पीछे नहीं रहेगा। आगे आगे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को कई व्यवहारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
