दक्ष दर्पण समाचार सेवा
लाडवा 2 अगस्त (मानव गर्ग): संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल, लाडवा में विज्ञान विषय पर केंद्रित दो दिवसीय साइंस सेकेंडरी वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को विज्ञान के नवीन शिक्षण तरीकों, प्रयोगों और नवाचारी गतिविधियों से अवगत कराना था, जिससे वे अपनी कक्षाओं में विद्यार्थियों को और अधिक प्रभावी एवं रुचिकर ढंग से विज्ञान सिखा सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अमरजीत कौर संधू ने की। उन्होंने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि आज के युग में विज्ञान केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रह गया है। इसे व्यवहारिक, प्रयोगात्मक और जीवनोपयोगी बनाना आवश्यक है। जब शिक्षक स्वयं प्रयोगात्मक पद्धति से जुड़ते हैं, तभी वे बच्चों को प्रेरित कर सकते हैं। कार्यशाला में दो अनुभवी एवं विशेषज्ञ संसाधन व्यक्तियों ने मार्गदर्शन किया- डॉ. जसकंवर जेस्सू, पूर्व विभागाध्यक्ष, पंजाब यूनिवर्सिटी, जिन्होंने विज्ञान के विभिन्न जटिल विषयों को सरल एवं बोधगम्य ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने शिक्षकों को छात्रों के भीतर वैज्ञानिक सोच विकसित करने की युक्तियाँ भी साझा कीं। सुश्री रितिका, विज्ञान शिक्षिका, विजडम पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र, जो अभिनव शिक्षण विधियों के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने शिक्षकों को कक्षा में कम संसाधनों में भी विज्ञान को रोचक बनाने की व्यावहारिक गतिविधियाँ करवाईं।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न सत्रों में शामिल प्रमुख गतिविधियाँ थीं:- सरल घरेलू वस्तुओं से विज्ञान प्रयोग, अवधारणात्मक मॉडल निर्माण, विद्यार्थियों में जिज्ञासा बढ़ाने के लिए प्रश्नोत्तरी तकनीक, समूहों में विज्ञान आधारित प्रोजेक्ट तैयार करना, शिक्षकों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नियमित होने चाहिए जिससे शिक्षण कार्य में नवीनता और ऊर्जा बनी रहे। प्रधानाचार्या महोदया ने दोनों विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया और भाग लेने वाले सभी शिक्षकों को उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए सराहा। उन्होंने आशा जताई कि कार्यशाला में प्राप्त ज्ञान और अनुभव को शिक्षक अपने शिक्षण कार्य में अवश्य लागू करेंगे।

लाडवा के संत निश्चल सिंह स्कूल में कार्यशाला के उपरांत शिक्षक।
