
गौरव राज पुरोहित
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
यूपी में छांगुर बाबा गैंग के रोजाना खुलासों के बीच आगरा पुलिस ने धर्मांतरण करा रहे एक और खतरनाक गैंग का खुलासा किया है। आईएसआईएस मॉडयूल की तरह काम करने वाला धर्मांतरण का आगरा गिरोह छांगुर बाबा गिरोह से भी ज्यादा खतरनाक है। इसके गिरोह में हर सदस्य का काम बंटा था। ब्रेनवॉश के लिए विशेष टीम थी। आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि गैंग के लिए फंड प्राप्त करने के लिए, फिर विदेशों से आई रकम को एजेन्ट व अन्य कामों तक पहुंचाने, गैंग के सदस्यों को सुरक्षित ठिकाना दिलाने, कानूनी राय दिलाने, नए फोन व सिम देने का काम अलग-अलग सदस्य करते हैं। इसी तरह धर्मांतरण के लिए लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाने के लिए अलग युवाओं की टीम गैंग में है। इस टीम के लोग ही लड़कियों को कई तरह के सब्जबाग दिखाकर धर्मांतरण के लिए तैयार कर लेते थे। एक टीम धर्म परिवर्तन के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार कराती है। सबसे महत्वपूर्ण एक अलग टीम होती है। इस टीम में शामिल लड़के व लड़कियां जाल में फंसी युवतियों का अगर मन बदलने लगता था तो उनका ब्रेनवॉश करने में लग जाती थी। धर्मांतरण करा रहे इस हाईप्रोफाइल व खतरनाक गैंग का पता चला तो सब कुछ बेहद गोपनीय तरीके से हुआ। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने यूपी पुलिस के डीजीपी राजीव कृष्ण व एडीजी अमिताभ यश को पूरी जानकारी दी इसके बाद आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने आपरेशन अस्मिता के तहत जांच आगे बढ़ाई। इस बीच ही सामने आया कि आगरा में इस गिरोह के सम्पर्क में आकर अपना घर छोड़ कर भागी दोनों सगी बहनों का धर्मांतरण करा दिया गया है। इन दोनों बहनों का कोलकाता में होने का पता चला। पुलिस कमिश्नर ने आगरा सिटी के डीसीपी आदित्य के नेतृत्व में टीम बनाई। पता चला कि दोनों बहनें कोलकाता के जिस क्षेत्र में है वह मुस्लिम बहुल्य इलाका है। इस पर आपरेशन को लेकर पूरी योजना बनाई गई। फिर एसीपी सैय्यद अली को टीम के साथ वहां भेजा गया। ये लोग पहले सादे कपड़ों में वहां रेकी किए, फिर कोलकाता पुलिस से मदद ली गई। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने वहां बड़े अफसरों से सम्पर्क साधा। इसके बाद कुछ और पुलिसकर्मी आगरा से भेजे गए, फिर अचानक ही वहां दबिश देकर दोनों बहनों को छुड़ा लिया गया। इनके साथ ही वहां से चार आरोपियों को पकड़ा गया, फिर एक-एक कर अन्य राज्यों से भी शेष आरोपितों को पकड़ लिया गया। पूरे आपरेशन के दौरान पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार आगरा से ही टीम का नेतृत्व करते रहे।
