
दक्ष दर्पण समाचार सेवा। dakshdarpan2024@gmail.com चण्डीगढ़
खबर है कि हिसार से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रणजीत सिंह आज चण्डीगढ़ आकर विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता से भेंट करेंगे ।उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए विधायक के रूप में अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है लेकिन यह त्यागपत्र उनके स्पीकर के समक्ष खुद पेश होने के बाद ही स्वीकार किया जाएगा ।यह नियम है ।स्पीकर को त्यागपत्र भेजने मात्र से त्यागपत्र स्वीकार नहीं होता। पाठकों को याद दिला दे कि जब 2007 में हरियाणा जनहित कांग्रेस का गठन हुआ तो कुलदीप बिश्नोई भिवानी के सांसद हुआ करते ।उन्होंने मंच से पद से त्यागपत्र देने का ऐलान कर दिया परंतु बाद मे लंबे समय तक सांसद के रूप में सुविधाओं का लाभ लेते रहे ।वह काफी लंबे समय तक स्पीकर से जाकर नहीं मिले इसलिए उनका त्यागपत्र स्वीकार नहीं हुआ। लोगों में यह कहते रहे कि मैंने तो त्यागपत्र दे दिया है। इसी दौरान उस समय के लोकसभा के स्पीकर सोमनाथ चटर्जी विधानसभा अध्यक्षों के एक सेमिनार में पिंजौर गार्डन आए तो एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया था कि कुलदीप बिश्नोई त्यागपत्र देना चाहते हैं तो उन्हें लोकसभा पहुंचकर स्पीकर से मिलना होगा। बाद में कुलदीप बिश्नोई श्री चटर्जी से जाकर मिले और तब उनका त्यागपत्र मंजूर हुआ।
रणजीत सिंह के मामले में भाजपा ने कई समझौते किए हैं एक यह कि पार्टी अमूमन निर्दलीय विधायकों का समर्थन तो ले लेती है लेकिन जब चुनाव का वक्त आता है तो निर्दलीय उम्मीदवारों को टिकट नहीं देते ।इस मामले में रणजीत सिंह को सीधे लोकसभा की टिकट मिल गई ।दूसरा भाजपा अमूमन 75 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को चुनाव नहीं लड़ाती लेकिन यहां भी रणजीत सिंह अपवाद है ।उनकी उम्र 80 वर्ष के आसपास बताई गई है। रणजीत सिंह की राजनीति भी अजीब है वह अब से पहले 1987 में एकमात्र चुनाव जीत पाए थे ।यह अलग बात है कि वह राज्यसभा के सदस्य भी रहे।
उन्होंने एक दो नहीं पूरे पांच चुनाव हारे हैं। एक चुनाव हिसार से भी हार चुके हैं। वह भी लोकसभा का। उन्होंने आदमपुर से भी विधानसभा का चुनाव हारा है। वह 32 साल के संघर्ष के बाद 2019 में निर्दलीय विधायक के रूप में चुनाव जीत पाए। बेशक रणजीत सिंह को हिसार से उम्मीदवार बना दिया गया है लेकिन लोगों की नजर में वह भारतीय जनता पार्टी के सबसे कमजोर उम्मीदवार के रूप में देखे जा रहे हैं।
अपने परिवार को आपस में एक दूसरे के खिलाफ चुनाव न लड़ने की नसीहत देने वाले रणजीत सिंह का दुर्भाग्य देखिए कु एक बार रोड़ी से उनके खिलाफ ओम प्रकाश चौटाला ने चुनाव लड़ा और उन्हें हराया और अब उनके खिलाफ उनकी दो दो बहुएं चुनाव लड़ रही है। चौधरी रणजीत सिंह पहले भी भारतीय जनता पार्टी में रहे हैं लेकिन भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे । कहा जाता है कि इससे पहले उन्हें स्वर्गीय चौधरी देवीलाल ने राजीव गांधी से मिलकर व्यक्तिगत कोशिश करके रणजीत सिंह को कांग्रेस में शामिल कराया था। चौधरी रणजीत सिंह हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की खास पसंद है वह भूपेंद्र सिंह हुड्डा के भी दोस्त हैं।अब देखना यह है कि इस बार के चुनाव में रणजीत सिंह चुनाव जीत पाते हैं या नहीं।
