
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
कई बार ऐसी खबरें आती रहती हैं कि फलां अनाज मंडी में व्यापारी या किसी कंपनी ने आढ़तियों के माध्यम से उपज खरीदी , हिसाब चुकता नहीं किया और अपना व्यवसाय समेट कर कहीं भाग गए। यह रकम बहुत बड़ी होती है और अमूमन इसकी पेमेंट करना आढती के लिए संभव नहीं होता ।ऐसे में कई बार न केवल फसल मतलब अपनी उपज बेचकर गये किसान के अपने आढती से संबंध खराब हो जाते हैं बल्कि कई बार नौबत लड़ाई झगड़े की भी आ जाती है। धान की खरीद के वक्त ऐसी घटनाएं कई बार प्रकाश में आई है। पिछले दिनों कुछ ऐसी ही खबर सोनीपत जिले के गोहाना से आई ।
गोहाना अनाज मंडी के प्रधान विनोद सहरावत ने डीसीपी को शिकायत दी है कि तीन फर्म संचालक मंडी में धान खरीद के 11.57 करोड़ रुपये लेकर भाग गए है। इस पर थाना गोहाना शहर पुलिस ने अमानत में खयानत व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि धान की फसल की खरीद की धनराशि के अलावा साढ़े तीन करोड़ रुपये ब्याज की देनदारी भी बकाया है।
प्रधान विनोद सहरावत ने डीसीपी को दी शिकायत में कहां है कि सतबीर जैन, राहुल जैन और नितिन जैन ने फर्म बनाकर गोहाना अनाज मंडी में कार्यालय बना रखा है। तीनों ने मिलकर गोहाना के 85 आढ़तियों से धान की खरीद की थी। जिसकी देनदारी 11 करोड़ 57 लाख रुपये है । इसके साथ ही उनके साढ़े तीन करोड़ रुपये ब्याज भी बकाया है।
शिकायत में कहा गया है कि उन्हें बाद में पता चला कि 13 जून की रात को तीनों अपने परिवार संग अपनी गाडिया लेकर भाग गए हैं। इससे आढ़तियों को भारी नुकसान की आशंका है। उन्होंने डीसीपी से मामले में कार्रवाई कर सारी धनराशि की वसूली कराने की मांग की है। डीसीपी के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
