
कवि सम्मेलन का एक दृश्य।
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
पंचकूला, 21मई : सेक्टर 12 पंचकूला में जजपा नेता ओ पी सिहाग के कार्यालय में एक भव्य कवि दरबार का आयोजन “उमंग अभिव्यक्ति मंच” पंचकुला द्वारा किया गया, जिसमें ट्राईसिटी के जाने माने कवियों एवं कवियित्रीओ ने भाग लिया। इस कवि दरबार में कवियों ने जहां राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत कविताएं सुनवाई वहीं श्रंगार रस, वीर रस की कविताओं को सुनाकर भी समा बाँध दिया।
इस कवि दरबार की अध्यक्षता ओ पी सिहाग ने की तथा मंच संचालन प्रसिद्ध लेखिका व कवयित्री नीलम त्रिखा ने किया। ओपी सिहाग जो प्रशासनिक अधिकारी रहे हैं अब जननायक जनता पार्टी के पंचकूला में वरिष्ठ नेता होने के साथ एक सामाजिक कार्यकर्ता एवं साहित्य में भी अपना योगदान दे रहे हैं । उन्होंने अपनी वीर रस की कविता सुनाई जिसकी पंक्तियाँ हैं “न लेखनी की धार कम हुई है न ही कलम की खत्म हुई है स्याही , हम न थकते हैं न रुकते हैं न झुकते हैं हम हैं हिन्दुस्तान के सिपाही। इसी प्रकार ट्राई सिटी के बहुत ही वरिष्ठ साहित्यकार चंडीगढ़ के रहने वाले कवि डॉ अनीस गर्ग ने देश भक्ति की कविता सुनाकर समा बाँधा जिसके बोल हैं “यूं न मोहब्बत पर बेहिसाब लिखा करो,
अपनी कलम से कह दो इंकलाब लिखा करो, जरूरी नहीं माशूका की हर बात पर लिखना, कभी जयचंदो को भी तीखा जवाब लिखा करो”।
नीलम त्रिखा ने भी बेटियों बारे बहुत ही भावुक कविता पढ़ी तथा खूबसूरती से मंच संचालन किया उनकी सुनाई गई कुछ पंक्तियां “आओ अमन की बात करते हैं, महकते चमन की बात करते हैं “।
इस कवि दरबार में चंडीगढ़ की मशहूर शायरा डेज़ी बेदी, मोहाली की नामी कवयित्री नीरजा शर्मा, पंचकूला की जानी-मानी कवयित्री शीनू वालिया, बहुत ही अनुभवी साहित्यकार स्नेहा लता, युवा उभरती कवयित्री अल्का शर्मा, चंडीगढ़ से आए प्रमुख कवि मुरारीलाल अरोड़ा , पंचकुला से सुमन रावत, प्रसिद्ध शायर मोहन ने भी अपनी रचनाओं को सुनाकर वाही वाही लूटी ।
इस मौके पर पंचकूला की प्रसिद्ध शिक्षाविद,मोटीवेसनल स्पीकर एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका पूनिया, जजपा नेता सुरेन्द्र चड्डा, जजपा के वरिष्ठ नेता के सी भारद्वाज, जजपा के शहरी जिला महासचिव भीम गोड, प्रमुख युवा व्यवसायी महेंद्र सिहाग, बलदेव नेहरा आदि मुख्य लोग हाजिर रहे।
