
मनीमाजरा सेक्टर-13 की तीनों सीटें कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की और सांसद मनीष तिवारी की झोली में डालेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता:
जनता-जनार्दन के मुद्दों, राहुल गांधी की लोकप्रियता और कांग्रेस की जनहितकारी विचारधारा पर जनता लगाएगी जीत की मोहर:
चंडीगढ़ का अगला मेयर कांग्रेस के नेतृत्व में बनेगा:
दक्ष दर्पण
चंडीगढ़, 28 नवंबर 2026।
नगर निगम चंडीगढ़ के आगामी चुनावों को लेकर मनीमाजरा में राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। मनीमाजरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का जहाज अब डूबने की ओर बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस पार्टी जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनहित के मुद्दों के बल पर जीत की नई इबारत लिखने जा रही है।
राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि मनीमाजरा सेक्टर-13 की तीनों वार्ड सीटों पर कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और तीनों सीटें जीतकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री एच.एस. लक्की तथा चंडीगढ़ के सांसद श्री मनीष तिवारी की झोली में डालेगी। यह जीत कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता-जनार्दन के समर्थन का प्रतीक होगी।
उन्होंने कहा कि देश में लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी की लोकप्रियता लगातार जनता के बीच एक नई उम्मीद पैदा कर रही है। राहुल गांधी जिस तरह संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, गरीबों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों, युवाओं और आम नागरिकों के अधिकारों की आवाज बुलंद कर रहे हैं, उसका प्रभाव चंडीगढ़ के नगर निगम चुनावों में भी दिखाई देगा।
राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मूलभूत मुद्दों को हर मंच पर उठाएगी और भाजपा की जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। मनीमाजरा में अधूरी 24×7 जलापूर्ति योजना, स्मार्ट मीटरों से जुड़ी समस्याएं, खराब सड़कें, सफाई व्यवस्था, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, पार्किंग, सीसीटीवी सुरक्षा, बस शेल्टर और अन्य नागरिक समस्याएं चुनाव के प्रमुख मुद्दे होंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और नगर निगम को जवाबदेह बनाना है। कांग्रेस प्रत्याशी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और चुनाव के बाद भी जनसेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे।
राजबीर सिंह भारतीय ने विश्वास जताया कि मनीमाजरा सेक्टर-13 की तीनों सीटों पर कांग्रेस की जीत चंडीगढ़ में कांग्रेस के मजबूत नेतृत्व का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार चंडीगढ़ का मेयर कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में बनेगा, और नगर निगम में जनता की आवाज को प्राथमिकता देने वाली व्यवस्था स्थापित होगी।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर जनता से संवाद करें, भाजपा की विफलताओं को उजागर करें तथा कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।
“भाजपा का डूबता जहाज अब जनता के विश्वास को नहीं रोक सकता। मनीमाजरा की तीनों सीटों वार्ड-4-5-6 पर कांग्रेस की जीत और चंडीगढ़ में कांग्रेस के नेतृत्व में मेयर बनना जनता-जनार्दन के समर्थन से संभव होगा।”
