
दक्ष दर्पण
चंडीगढ़, 19 अक्टूबर 2026:
बीती रात सेक्टर 28 में उत्तराखंड जनसेवा एवं सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित भव्य रामलीला में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और व्यापारी विंग के उपाध्यक्ष तरसेम मित्तल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उनके साथ विशेष रूप से विशाल, भीमा, सन्नी और बलदेव सिंह सहित कई गणमान्य साथी भी मौजूद रहे।
रामलीला मंचन के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तरसेम मित्तल ने भगवान श्री राम के आदर्श जीवन और उनकी लीलाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का जीवन हमें त्याग, धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
तरसेम मित्तल ने विशेष रूप से कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और युवाओं को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि वे पाश्चात्य संस्कृति की चकाचौंध से दूर रहकर अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जड़ों से जुड़े रहें। उन्होंने उत्तराखंड जनसेवा एवं सांस्कृतिक मंच के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं और हमारी नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं से रूबरू कराते हैं।
इस दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि तरसेम मित्तल और उनके साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
