
दक्ष दर्पण
(पुनीत महाजन)
चंडीगढ़। 14 अक्टूबर वार्ड नंबर 23 में विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए सेक्टर-35डी की बूथ मार्केट स्थित सार्वजनिक शौचालय के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य शौचालय की मौजूदा समस्याओं को दूर कर स्थानीय दुकानदारों, बाजार में आने वाले खरीदारों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
शौचालय की दीवारों और छत से पानी का रिसाव होने के साथ-साथ पानी की टंकी की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। इन समस्याओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब रेनोवेशन एवं आधुनिकीकरण कार्य के पूरा होने से शौचालय की स्थिति में सुधार होगा और लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर जनसुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर उपस्थित क्षेत्रवासियों और गणमान्य व्यक्तियों ने वार्ड पार्षद प्रेमलता द्वारा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं का रखरखाव और उनका समय-समय पर नवीनीकरण बेहद जरूरी है। इस कार्य से बाजार में आने वाले लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र की जनसुविधाओं में सुधार होगा।
शुभारंभ के दौरान आरडब्ल्यूए प्रधान सेवा सिंह, एस.एस. तुंग, बलदेव सिंह और सतीश गुप्ता सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इस जनहितकारी पहल के लिए पार्षद प्रेमलता का आभार व्यक्त किया और वार्ड में इसी प्रकार विकास कार्य जारी रखने की उम्मीद जताई।
