एक ओर रक्तदान, दूसरी ओर लंगर—काशी चैरिटेबल सोसाइटी ने सेवा, इंसानियत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश:

भोला राम धीमान ने 39वीं बार और भारत गोयल ने 13वीं बार किया रक्तदान:
दक्ष दर्पण
मनीमाजरा (चंडीगढ़), 26 सितंबर 2026:
श्री काशी चैरिटेबल सोसाइटी द्वारा पीजीआईएमईआर (PGIMER) चंडीगढ़, विश्वास फाउंडेशन एवं वेबइंकलाइन के सहयोग से मोटर मार्केट, मनीमाजरा स्थित SCF-381 में विशाल मेगा रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय निवासियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13, चंडीगढ़ के अध्यक्ष एवं समाजसेवी राजबीर सिंह भारतीय, चेयरमैन सुभाष धीमान सहित संस्था के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
39वीं बार रक्तदान कर भोला राम धीमान ने पेश की मिसाल
शिविर में समाजसेवी भोला राम धीमान विशेष रूप से रक्तदान करने पहुंचे और उन्होंने 39वीं बार रक्तदान किया। उनके लगातार रक्तदान के जज्बे की सराहना करते हुए राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि भोला राम धीमान जैसे नियमित रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
राजबीर सिंह भारतीय ने कहा, “हम भोला राम धीमान जी का दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं। उन्होंने 39वीं बार रक्तदान करके न जाने कितनी जिंदगियां बचाने में अपना योगदान दिया है। उनकी यह सेवा केवल आज के शिविर तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबे समय से मानवता की सेवा का उदाहरण है। समाज उनकी इस महान सेवा भावना को हमेशा याद रखेगा।”
भारत गोयल ने 13वीं बार किया रक्तदान:
शिविर के आयोजक भारत गोयल ने भी स्वयं रक्तदान करते हुए 13वीं बार रक्तदान किया। राजबीर सिंह भारतीय ने भारत गोयल के इस सेवा भाव की भी सराहना की और कहा कि स्वयं रक्तदान करके दूसरों को प्रेरित करना समाजसेवा का सच्चा उदाहरण है। आशीमा ने पहली बार रक्त दान किया तथा आगे भी उनकी तरफ से जरूरतमंद को रक्त दान करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि आयोजन केवल एक रक्तदान शिविर नहीं, बल्कि लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित करने का अभियान भी है।
रक्तदान के साथ लंगर—सेवा का अनूठा संगम:
शिविर की विशेष बात यह रही कि एक ओर जहां लोग जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर सभी के लिए लंगर की व्यवस्था की गई थी। रक्तदान और लंगर सेवा को एक साथ संचालित कर श्री काशी चैरिटेबल सोसाइटी ने भाईचारे, सेवा और इंसानियत का सुंदर संदेश दिया।
लंगर में रक्तदाताओं, स्वास्थ्य जांच करवाने आए लोगों, आयोजकों और स्थानीय निवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
स्वर्गीय श्रीमती गीना देवी की स्मृति में सातवां रक्तदान शिविर
यह रक्तदान शिविर श्री काशी ट्रेडिंग कंपनी, SCF-381 मोटर मार्केट, मनीमाजरा से जुड़े श्री काशी चैरिटेबल सोसाइटी के तरशेम गोयल एवं भारत गोयल, सत्यवान गोयल द्वारा अपनी स्वर्गीय माता श्रीमती गीना देवी की स्मृति में आयोजित किया गया।
आयोजकों के अनुसार यह सोसाइटी द्वारा आयोजित सातवां रक्तदान शिविर था और अब तक इनके प्रयासों के माध्यम से लगभग 500 रक्तदाताओं द्वारा रक्तदान किया जा चुका है।
सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों की जान बचाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक करना है।
“रक्त का कोई धर्म या जाति नहीं” — राजबीर सिंह भारतीय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि रक्तदान दुनिया के सबसे बड़े और पवित्र दानों में से एक है। आपातकाल में जब किसी मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है, तब मरीज का धर्म, जाति या वर्ग नहीं देखा जाता, बल्कि उसकी जिंदगी बचाना सबसे महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने कहा कि समाज ने भले ही स्वयं को जाति, धर्म और विभिन्न वर्गों में बांट रखा हो, लेकिन इंसान के शरीर में बहने वाले रक्त का रंग एक ही है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को मानवता के नाते रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल रक्त देने का नाम नहीं, बल्कि किसी परिवार की उम्मीद को बचाने का कार्य है।
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच भी हुई
शिविर में डॉ. तनाया गोयल (MBBS, MD) एवं डॉ. इमरान खान (MBBS, MD) द्वारा लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया।
विश्वास फाउंडेशन एवं रेड क्रॉस का महत्वपूर्ण सहयोग:
शिविर को सफल बनाने में विश्वास फाउंडेशन की ओर से एस.एस. साहनी, सतीश गुप्ता, भूषण खुराना एवं साविता साहनी ने सहयोग किया। वहीं रेड क्रॉस चंडीगढ़ की ओर से सुशील कुमार टांक एवं अनिल सिक्का ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
पीजीआईएमईआर की मेडिकल टीम, वेबइंकलाइन, बॉम्बे मोटर्स तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी शिविर को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
सुभाष धीमान ने सभी सहयोगियों का जताया आभार:
एसोसिएशन के चेयरमैन सुभाष धीमान ने सफल आयोजन के लिए श्री काशी चैरिटेबल सोसाइटी, तरशेम गोयल, भारत गोयल, सत्यवान गोयल, राहुल भुटानी, बॉम्बे मोटर्स, पीजीआईएमईआर की मेडिकल टीम, विश्वास फाउंडेशन, रेड क्रॉस चंडीगढ़, वेबइंकलाइन तथा सभी सहयोगी संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी आयोजनों से समाज में रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के प्रति सकारात्मक भावना पैदा होती है।
शिविर में स्थानीय निवासियों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सेवा की कोई जाति या धर्म नहीं होता और मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
