सेखों बैंक्वेट में सजेगा भक्ति का भव्य दरबार, प्रसिद्ध भजन गायिका सोनी सिस्टर्स सहित कई कलाकार बांधेंगे समां।
दक्ष दर्पण
पंचकूला: माँ बनभौरी सेवा ट्रस्ट, चण्डीगढ़ (रजि. 378) के ट्रूस्टीयों के बैठक पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित गुप्ता प्लाईवुड पर आयोजित की गई।
बैठक के पश्चात ट्रस्ट के मुख्य ट्रूस्टियों की ओर से बताया गया कि माता बनभौरी के श्रद्धालुओं को माँ भगवती की भक्ति से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार, 19 सितंबर 2026 को “एक और शाम जय माँ बनभौरी के नाम” से भजन संध्या का भव्य आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और ट्रस्ट द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन कालका-शिमला हाईवे, जीरकपुर स्थित सेखों बैंक्वेट में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार शाम 7 बजे पावन ज्योति प्रचंड के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ होगा। इसके पश्चात श्रद्धालु माँ भगवती के चरणों में शीश नवाकर भक्ति रस में सराबोर होंगे। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
भजन संध्या में देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रसिद्ध भजन कलाकार माँ भगवती का गुणगान करेंगे। दिल्ली की प्रसिद्ध सोनी सिस्टर्स, बनभौरी धाम से पंडित सोनू कौशिक एवं रमेश कौशिक तथा चंडीगढ़ से हैप्पी सिद्धू अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस से जोड़ेंगे। कलाकारों द्वारा माँ भगवती की महिमा का गुणगान किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण जयकारों और भक्ति संगीत से गूंज उठेगा।
कार्यक्रम में संगीत की विशेष व्यवस्था अम्बाला के कर्ण म्यूजिकल ग्रुप द्वारा की जाएगी। भजन संध्या के दौरान प्रस्तुत होने वाले धार्मिक भजनों और मधुर संगीत के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण का अनुभव कराने की तैयारी है।
माँ बनभौरी सेवा ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के लिए रात्रि 8 बजे से विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि माँ भगवती के दरबार में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की समुचित व्यवस्था की जाएगी। भंडारे में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर माँ भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
ट्रस्ट की ओर से धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे इस पावन धार्मिक आयोजन में सपरिवार पहुंचकर माँ भगवती के दर्शन करें, भजन संध्या का आनंद लें तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण करें। आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी भाईचारे और धार्मिक संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
माँ बनभौरी सेवा ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर “एक और शाम जय माँ बनभौरी के नाम” को भव्य एवं यादगार बनाने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर मुख्यरूप से सचिन गोयल, विपिन सिंगला, हरीश मित्तल, दिनेश बंसल, नरेंद्र गुप्ता, कपिल सिंगला, नरेश गोयल, राज मित्तल, अजय बंसल, कुलदीप गुप्ता, प्रियेश सिंगला, सतीश मंगला आदि उपस्थित रहे।

