
symbolic image साभार।
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला।
पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया में तरह-तरह की अव्यवस्थाओं का बोल बाला है। इंडस्ट्रियल एरिया फेस एक और फेज दो में सड़कों की हालत तो खराब है ही ,पानी की निकासी और सप्लाई भी दोष पूर्ण है। जून के इस महीने ने यहां उद्यमियों की ही नहीं उनसे जुड़े अन्य लोगों की भी नींद उड़ा दी है ।
उन्हें बरसात आने से पहले ही बरसात की चिंता सताने लगी है। मतलब बरसात से ज्यादा चिंता यह है कि उस अवस्था में पानी की निकासी अवरुद्ध होने के कारण जो दिक्कतें झेलनी पड़ेगी उनकी कल्पना मात्र से पसीने छूटने लगते हैं। इंडस्ट्रियल एरिया के कुछ इलाकों में सीवर चौक हो जाते हैं ।इसका कारण यह भी है कि कुछ जगह सीवर के ढक्कन नहीं है। सीवर के अंदर मिट्टी गंदगी गिरती रहती है और फिर वह पानी के अवरोध का कारण बन जाती है ।एक ही बरसात में सीवर ओवरफ्लो हो जाते हैं फिर कई दिन तक घुटनों तक पानी सड़कों पर खड़ा रहता है। इससे जनजीवन कितनी बुरी तरह से प्रभावित होता है इसका कटु अनुभव एक-एक उद्धमी और अधिकांश श्रमिकों को है।
नगर निगम की जिम्मेदारी और कर्तव्य की बात करें तो यहां उनके नाम पर 12 बीघा में दाना भी नहीं है। सब कुछ भगवान भरोसे चल रहा है । न उपयुक्त तरीके से सफाई होती है न बरसात के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था है। आलम यह है कि बरसात आते ही सारा पानी सड़क पर ही आकर खड़ा हो जाता है और यह मंजर कई कई दिन तक देखने को मिलता है।
पड़ताल से जानकारी मिली है कि इस क्षेत्र में जो व्यवस्था है उसका सही नजारा इस मौसम की पहली बरसात के समय ही देखने को मिल जाएगा और नगर निगम की सारी व्यवस्थाओं की पोल खुल जाएगी।
यहां उद्यमी कहते हैं कि समय पर नगर निगम का ध्यान आकर्षित करने के बाद भी किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंगती ।
अभी नगर निगम के चुनाव हुए हैं ।नए पार्षद बने हैं ,नया मेयर बना है और सब के सब शहर की काया पलट करने के दावों के साथ जीतकर आए हैं परंतु समय पर कार्रवाई नहीं की गई तो यह दावे इंडस्ट्रियल एरिया में ही हवा हो जाएंगे। ऐसा मन कर चलिए।
स्थानीय नागरिक दावा कर रहे हैं कि नगर निगम इस मामले में लेस मात्र भी गंभीर नहीं है ।जो स्थिति पहले थी आगामी बरसात में भी वहीं रहने वाली है मतलब साफ है कि नगर निगम और उसके जिम्मेदार लोगों पर स्थानीय नागरिकों को कोई भरोसा ही नहीं है।
पीने की पानी की बात करें तो यहां अव्यवस्था के कारण गंदा पानी सप्लाई हो रहा है ।यह अनियमितता लंबे समय से अबाधद रूप से जारी है कोई पूछने वाला नहीं ।भविष्य में बीमारी फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। 12 जून को मामूली सी बरसात ने ही यहां के सीवर और जल निकासी की व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।
अब भी मौका है कि मानसून के आगमन से पहले नगर निगम यहां सीवर लाईन साफ करने मेन होल्स के ढक्कन आदि लगाने और पानी की निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर हल करे वरना लोगों में गुस्सा इतना है कि वह इस बार एक होकर सरकार का विरोध करने सड़कों पर आ जाएंगे।
