
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
शिमला 28 अप्रैल कविता शांति गौतम
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित लोक भवन मंगलवार सायं उस समय गरिमा और शालीनता से भर उठा, जब भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में राज्य भोज का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रपति के आगमन पर राज्यपाल कंवरिंद्र गुप्ता, लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता और हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया ने आत्मीय स्वागत किया।
लोक भवन के आतिथ्य कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति को औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया, जहां उन्होंने राज्यपाल परिवार के सदस्यों से भी सौहार्दपूर्ण संवाद किया। इसके उपरांत दरबार हॉल में आयोजित राज्य भोज में राष्ट्रपति ने शिरकत कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस गरिमामय अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित अनेक मंत्री, न्यायाधीश, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में प्रदेश की प्रशासनिक, राजनीतिक और न्यायिक नेतृत्व की एकजुट उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
