
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
यमुनानगर ।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस द्वारा भगोड़े आरोपियों और बेल जंपर्स की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के दिशा-निर्देशों पर कार्य करते हुए पी.ओ. स्टाफ की टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने न्यायालय द्वारा करीब दो साल से भगोड़ा घोषित किए गए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के अंतर्गत आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में पेश कर दिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पी.ओ. स्टाफ के इंचार्ज एएसआई अश्विनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें मुख्य सिपाही संदीप , बिजेंदर, महावीर को शामिल किया गया। टीम ने संयुक्त प्रयास से करीब एक साल से भगोड़े आरोपी अरुण कुमार उर्फ कालू पुत्र रामेश्वर गांव बलोली थाना छछरौली को गुप्त सूचना के आधार पर सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अरुण कुमार एक आपराधिक मामले में संलिप्त था और न्यायालय में पेश न होने के कारण उसे माननीय अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। आरोपी पुलिस को करीब दो साल से चकमा देकर फरार चल रहा था, लेकिन टीम की सतर्कता और प्रयासों के चलते उसे दबोच लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने टीम के इस कार्य की सराहना की है और कहा है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा, जिससे कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
