
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला ।
इंडियन नेशनल लोकदल ने कोटक महेंद्रा बैंक घोटाले के असली दोषियों को बेनकाब करने की मांग को लेकर आज नगर निगम पंचकूला के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया । जिलाध्यक्ष सतिंदर टोनी तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शहरी मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में सैंकड़ों इनेलो कार्यकर्ताओं ने रैली चौंक से जलूस की शक्ल में निगम अधिकारियों विरोधी नारेबाजी करते हुए प्रस्थान किया। उपस्थित जन समूह को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सतिंदर टोनी ने कहा कि निगम में हर स्तर पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। छोटे कर्मचारी से लेकर बडे अधिकारियों समेत हर कोई आकंठ भ्रष्टाचार में संलिप्त है ।
जिलाध्यक्ष शहरी मनोज अग्रवाल ने कहा कि पिछले दस साल शहर की सत्ता में एक शक्तिशाली राजनीतिज्ञ काबिज रहा है दूसरा शक्तिशाली राजनीतिज्ञ पिछले पांच साल नगर निगम में काबिज रहा है । इनकी मर्जी के बगैर शहर में पत्ता भी नहीं हिलता, ऐसा इनका दावा रहा है। इसी दौरान कोटक महेंद्रा बैंक में निगम के लगभग डेढ अरब रूपयों की एफ डी आर का गोलमाल हुआ । जनता का पैसा खुर्द बुर्द कर दिया गया । शहर के जनमानस तथा राजनीतिक हलकों में फैली चर्चाओं के मुताबिक दूसरे राजनीतिज्ञ के सगे रक्त संबंधी के सगे साले के खातों में उपरोक्त रकम गई है । उपरोक्त व्यक्ति ने चंडीगढ़ के सेक्टर 7 के एक ही शोरूम के पते पर तेइस से अधिक कम्पनियां रजिस्ट्र करवा रखी हैं । ये सारी कम्पनियों में यह स्वंय, इसकी पत्नी तथा माता ही डायरेक्टर हैं। जो निरा घोटाला हैं। हमारी जानकारी के मुताबिक उपरोक्त व्यक्ति इस घोटाले का भंडफोड होने के बाद परिवार सहित विदेश भाग गया है । इस वजह से इस की तरफ शक की सुंई और गहराती है।
मनोज अग्रवाल ने कहा कि इन दोनो वरिष्ठ राजनीतिज्ञों की कृपा से हाल ही में गिरफ्तार विकास कौशिक बारह साल तक निगम में एक ही स्थान पर एस ओ, एकाउंट आफिसर, सीनियर एकाउंट आफिसर तथा अब कालका में ई ओ लगा रहा। इसी के कार्यकाल में कोटक महेंद्रा बैंक में निगम के खाते खुले और घपला हुआ।
महिला जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी, व्यापारसेल जिलाध्यक्ष शिट्टू राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेश्वर शर्मा, प्रधान महासचिव भागीरथ प्रजापत, प्रधान महासचिव महिला गीता रानी, हलकाध्यक्ष विकास,गुरदिश ने दोषियों पर कडी कारवाई की मांग करते हुए कहा कि सभी दोषियों को नौकरी बर्खास्त करते हुए उचित सजा दी जाए।
