
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
चण्डीगढ़: आप कई दिन से राज्यसभा के चुनाव, हेरा फेरी बिकने बिकाने की खबरें सुन रहे हैं । नित नए खुलासे हो रहे हैं ।आरोप प्रत्यारोपों का दौर है । पांच की बात की जा रही थी चार के नाम ही सार्वजनिक किए गए हैं । इन्हें नोटिस भी दे दिए गए हैं । पर्यवेक्षकों को अब ऐसे हालात नज़र आ रहे हैं कि और कहीं हो ना हो नारायणगढ़ में उपचुनाव के हालात बन रहे हैं। सूत्र बता रहे हैं कि अब स्थिति यहां तक आ गई है कि नोटिस के बाद शैली चौधरी खुद कांग्रेस छोड़ने और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा कर सकती हैं ।यह एक भूपेंद्र सिंह हुड्डा के और एक जयप्रकाश जेपी के सवाल का जवाब भी हो सकता है ।क्योंकि भूपेंद्र सिंह हुड्डा यह कहते देखे गए थे कि जो लोग इस तरह से पार्टी के साथ गद्दारी करते हैं , पार्टी लाइन के खिलाफ चलकर दूसरे उम्मीदवार को वोट देते हैं मतलब क्रॉस वोटिंग करते हैं उन्हें खुद ही पार्टी छोड़ देनी चाहिए ।उन्होंने कुलदीप बिश्नोई का उदाहरण दिया और कहा कि क्रॉस वोटिंग के बाद कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी भाजपा में शामिल होने की घोषणा कर दी थी। उन्होंने त्यागपत्र दे दिया था और फिर आदमपुर में उप चुनाव हुआ और उनके पुत्र बाबा बिश्नोई को चुनाव लड़ाया गया।
जयप्रकाश जेपी ने कहा था कि यह क्या ,आरोप पत्नी पर लग रहे हैं और पार्टी-पति छोड़ रहा है ।यह सही है कि पति मतलब रामकिशन गुर्जर पहले ही झटके में कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर चुके हैं लेकिन सूत्र दावा कर रहे हैं कि मौका मिलते ही शैली चौधरी भी कांग्रेस छोड़ने वाली है। लेकिन वह पहले नोटिस का जवाब तसल्ली से देना चाहती हैं। इस प्रकरण के बाद रामकिशन गुर्जर ही नहीं शैली चौधरी भी बुरी तरह से आहत हैं। इसका संकेत रामकिशन गुर्जर ने नारायणगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह कहते हुए दे दिया कि किस पार्टी में जाना है इसका फैसला लोगों से चर्चा करके किया जाएगा। आप समझ सकते हैं कि सरकार के 4 वर्ष बाकी हैं ऐसे में कांग्रेस छोड़कर भाजपा के सिवाय कहीं और जाने का कौन सा औचित्य होगा। नारायणगढ़ में यह मानने वाले लोग कम नहीं है की शैली चौधरी बीजेपी की टिकट पर भी चुनाव जीत जाएंगी। जो लोग रामकिशन गुर्जर को करतार भडाणा और कृष्ण पाल गुर्जर के रिश्तेदार मानकर राजनीतिक चर्चा कर रहे हैं उन्हें यह भी समझ लेना चाहिए कि उनके रिश्तेदार पड़ोस में बैठे भाजपा के बड़े नेता कंवर पाल गुर्जर भी हैं ।वह रिश्तेदार ही नहीं उनके बहुत बड़े शुभचिंतक भी माने जाते हैं। हम यह नहीं कहते कि रामकिशन गुर्जर ने ऐसा कोई फैसला ले लिया है लेकिन ऐसा हो सकता है। लोग यह मानने लगे हैं कि जहां तक कांग्रेस का सवाल है रामकिशन गुर्जर की कमर मजबूत करने वाली कांग्रेस की नेता कुमारी शैलजा भी शायद अब इस स्थिति में नहीं रही है कि वह कोई बीच बचाव कर सकें ।क्योंकि उनकी विश्वसनीयता पर ही सवाल उठाए जा रहे हैं। अब तो नए सांसद महोदय कांग्रेस के कई नेताओं की ए सी आर लिखने की स्थिति में आ गए हैं। इसीलिए हम कह सकते हैं कि नारायणगढ़ में उपचुनाव के हालात हैं लेकिन हम यह भी कह सकते हैं कि लगता तो नहीं पर हो भी सकता है।
