
image साभार ।
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
हार तो हार होती है लेकिन जब हार एक ही वोट से हो तो उम्मीदवार और उसके समर्थक इसे पूरी जिंदगी भूल नहीं पाते। उसे सब्र नहीं होता। उसे बार-बार ख्याल आता है कि यदि यह कर लेते तो ऐसे हो जाता। यह नहीं करते तो वैसे हो जाता। लेकिन लोकतंत्र की खूबसूरती भी यही है कि हार जीत के लिए एक वोट ही काफी होती है। कभी इसी एक वोट से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की सरकार गिर गई थी।
देखा जाए तो राज्यसभा के इस चुनाव में भाजपा की, विधायकों की ,यहां तक कि सत्ता में बैठे रणनीतिकारों की भी करारी हार हुई है।
बताते हैं कि सत्ता में बैठे भाजपा के प्रदेश के दो पावर सेंटर 12 के आंकड़े को लेकर इतने ओवर कॉन्फिडेंट थे कि उन्होंने इंडियन नेशनल लोकदल से बात करने तक की जहमत भी नहीं उठाई। यह अलग बात है कि ऊपर से देश के नंबर दो पावर सेंटर ने अंतिम क्षणों में स्थिति को संभालने की कोशिश की परंतु तब तक देर हो चुकी थी।
यह कम शर्मनाक बात नहीं है कि एक तरह से सरकार, पूरी पार्टी के एडी चोटी का जोर लगाने के बाद भी उनके समर्थित उम्मीदवार को हार का मुंह देखना पड़ा और मुख्यमंत्री को यह कह कर झेंप मिटाते नजर आए कि इनेलो कांग्रेस की बी टीम है। वह यह भूल गए की इस चुनाव में इनेलो के पास उसे टैग को हटाने का मौका था जो उस पर लंबे समय से लगा हुआ था।
आप हैरान होंगे कि जब कांग्रेस के समर्थक यह मानकर चल रहे थे फ्लोर पर कांग्रेस न केवल एक जुटता का परिचय देगी बल्कि उसे बाहर से भी वोट मिलने वाले हैं। ऐसे में भाजपा उसके 12 लोगों तक पहुंच गई कुछ लोग यह संख्या 13 भी मन कर चल रहे हैं।
यह तो कांग्रेस के प्रत्याशी का सौभाग्य था कि एक महिला एक युवा और दो बार का एक विधायक कथित आश्वासन के बावजूद आखिर में बदल गए। शायद उन्हें पार्टी के नेताओं ने काबू कर लिया। इसके अलावा वोट कैंसिल होने का नुकसान किसे हुआ यह भी निर्णायक है।
आप यह जान लें कि सारी ताकत लगाने के बाद भी भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी को विधायक तो मिल गए परंतु जीत नहीं मिली। अब बीजेपी समर्थकों और पार्टी को इसी बात से संतोष करना पड़ रहा है कि यह विधायक अब 2028 में राज्यसभा के आगामी चुनाव में फिर से भाजपा के काम आ सकते हैं।
वह लोग जिनकी गिनती भाजपा निर्दलीय उम्मीदवार के साथ कर रही है उनके नाम बताने की जरूरत नहीं ।अब वह सब सामने आ जाएंगे क्योंकि उन्होंने अपना भविष्य एक तरह से भारतीय जनता पार्टी के साथ जोड़ लिया है। अब यह कांग्रेस के साथ तो दिखेंगे ही नहीं।
बताते हैं कि कांग्रेस का नुकसान करने वाले जो लोग हैं उनमें दो महिला, दो अल्पसंख्यक ,दो बुजुर्ग मुख्य रूप से बताए गए हैं। किसने वोट ट्रांसफर किया किसकी वोट कैंसिल हुई इसकी जानकारी कांग्रेस के दो लोगों को हो सकती है और यह पता तब चलेगा जब उनकी रिपोर्ट पार्टी के पास भेजी जाएगी। जानकार इस बात को कांग्रेस के प्रत्याशी कर्मवीर के भाग्य के साथ जोड़ रहे हैं कि वोट कैंसिल होने वाला मामला नहीं होता तो इसी बात से निर्दलीय उम्मीदवार को फायदा हो जाता परंतु इसी खेल ने उनकी जीत सुनिश्चित कर दी। एक बात और खासतौर पर चर्चा में है कि भाजपा के एक वरिष्ठ विधायक की वोट पर सवाल एक गंभीर योजना की भनक लग जाने के बाद उठा। इस चर्चा के बाद लोग हैरान थे।
राज्यसभा के इस बहुत ही खतरनाक चुनाव में भूमिका को देखते हुए कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं को हाई कमान की बड़ी मार पड़ सकती है। अलग-अलग जगह से ही सही धीरे-धीरे सब की स्थिति ,भूमिका और चाल बाजियां सामने आएंगी बहुत लोगों का लेखा-जोखा नवनिर्वाचित सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध की कलम से भी लिखा जाएगा।
