
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कलायत ।
( (रवि जैस्ट ) पुलिस Arvind उपासना के निर्देशानुसार नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए वीरवार को कलायत पुलिस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने वार्ड नंबर-2 स्थित सैसी बस्ती में छापेमारी की। इस दौरान भारी पुलिस बल को देखकर बस्ती में हड़कंप मच गया और नशा तस्करी में संलिप्त कई युवक मौके से फरार हो गए।

टीम ने पाया कि करीब आठ घरों में बिना किसी वैध मीटर कनेक्शन के सीधे बिजली चोरी कर एसी, वाशिंग मशीन और कूलर जैसे उपकरण चलाए जा रहे थे। बिजली विभाग के जेई सत्यवान लाठर व सुमित की मौजूदगी में इन सभी अवैध कनेक्शनों को मौके पर ही काट दिया गया और अब विभाग इन आरोपियों पर भारी जुर्माना लगाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर रहा है। एएसआई ओमप्रकाश और थाना प्रभारी बलबीर सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने स्थानीय महिलाओं से पूछताछ की, लेकिन तस्करों के खौफ के कारण उन्होंने जानकारी साझा करने में असमर्थता जताई। गौरतल्ब है कि पुलिस ने इसी इलाके से हाल ही में 31 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसके बाद से संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कलायत को नशा मुक्त करने तक यह अभियान और छापेमारी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे समाज से इस बुराई को खत्म करने के लिए निर्भीक होकर पुलिस का सहयोग करें ताकि नशा तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
