
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला 4 फरवरी
शिवालिक विकास मंच हरियाणा (रजि) का 31 वां स्थापना दिवस श्री दुर्गा माता मंदिर परिसर सेक्टर-7 पंचकूला नजदीक कम्युनिटी सेंटर में मनाया गया। जिसमें शिवालिक विकास मंच के प्रदेश जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारीयो एवं कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर मंच के प्रदेश अध्यक्ष विजय बंसल एडवोकेट के मार्गदर्शन में सभी सदस्यों ने शिवालिक क्षेत्र की समस्याओं क्षेत्र के विकास पर विशेष तौर पर विचार विमर्श कर चर्चा की और आगामी रणनीति तैयार की।
गौरतलब है कि शिवालिक विकास मंच का गठन हुए पूरे 30 वर्ष हो चुके हैं। स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय साधुराम सैनी ने विगत 4 फरवरी 1996 को शिवालिक क्षेत्र के 3 जिलों पंचकुला, अंबाला और यमुनानगर के विकास के लिए और यहां की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिवालिक विकास मंच का गठन किया था। शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष विजय बंसल एडवोकेट ने स्वर्गीय साधुराम सैनी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि भी दी।
अपने संबोधन में विजय बंसल एडवोकेट ने कहा कि शिवालिक विकास मंच ने बेहद पिछड़े हुए शिवालिक क्षेत्र के विकास एवं क्षेत्र वासियों के हितों के लिए सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी है और भविष्य में भी शिवालिक क्षेत्र के हित की लड़ाई लड़ते रहेंगे यहां के लोगों की समस्याओं का समाधान करवाने का प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारों ने शिवालिक क्षेत्र से शिक्षा, रोजगार और विकास भेदभाव किया है।
विजय बंसल ने कहा कि शिवालिक विकास मंच ने क्षेत्र के बेरोजगारों को रोजगार के लिए एसएस बोर्ड कार्यालय के समक्ष धरना दिया, हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लगभग 65 जनहित याचिकाएं दायर कर क्षेत्र के लोगों को न्याय दिलवाया, कोर्ट में लड़ाई लड़कर टोल प्लाजा चंडीमंदिर में स्थानीय लोगों को भारी भरकम टोल से राहत दिलवाई, ग्रामीणों की अधिग्रहण की गई जमीने छुड़वाई, जंगली जानवरों से किसानों के पशुओं और फसलों को होने वाले नुकसान का मुआवजा दिलाने का प्रावधान करवाया, शिवालिक विकास बोर्ड का पुनर्गठन करवाया, जिला पंचकूला के लिए शिवालिक विकास बोर्ड के बजट में 50% हिस्सा दिलवाया, कई पदयात्राएं निकाली गई, वर्ष 2013 में कलेसर से पदयात्रा निकालि गई, एचएमटी प्लांट को बचाने के लिए संघर्ष किया, सर्विस कमीशन तक पदयात्रा की, कालका से पीजीआई चंडीगढ़ तक बस सर्विस आरंभ करवाने सहित ज्ञापन देकर जनहित याचिकाएं दायर कर, ज्ञापन देकर और विभिन्न मंचों के माध्यम से संघर्ष कर अनेक जनहित में समस्याओं का समाधान करवाया। बंसल ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार कार्य करते रहेंगे। शिवालिक विकास मंच सामाजिक कार्यों में भी पर चढ़कर हिस्सा लेता है। बताया कि शिवालिक विकास में गैर राजनीतिक संगठन है इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग शामिल हैं।
इस अवसर पर बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार कर अनेक प्रस्ताव पास किए गए जिनमें रायपुर रानी को सबडिवीजन बनाने, नारायणगढ़ को जिला बनाने, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड की तर्ज पर पूरे शिवालिक क्षेत्र को औद्योगिक पैकेज दिलवाने, चंडीगढ़ से यमुनानगर तक नई रेल लाइन जल्दी बिछाने, एचएमटी ट्रैक्टर प्लांट पिंजौर को किसी बड़े उद्योग के साथ जोड़ने, मल्ला गांव में बंद पड़ी मल्लाह कवारी में बड़ा सीमेंट उद्योग लगाने, 52 गांवो में लगी हुई पेरीफेरी एक्ट और शहरी क्षेत्र में लगाई गई धारा 7ए को हटाने, रायपुर रानी से मोरनी तक की सड़क का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय साधु राम सैनी के नाम पर रखा जाए, गांव मौली से रायपुर रानी तक की सड़क का नाम स्वतंत्रता सेनानी बाबा पृथ्वीराज आजाद के नाम पर रखा जाए, जिला पंचकूला में गुरु गोविंद सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने की मांग रखी गई और सभी सदस्यों ने क्षेत्र के विकास के लिए हर मंच पर आवाज उठाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर शिवालिक विकास मंच की बैठक में मंच के संस्थापक पद पर महासचिव रहे रवि शर्मा एडवोकेट, चौधरी अजमेर, हाकम सिंह यमुना नगर, बी डी मित्तल, शिवालिक विकास मंच महासचिव एवं पूर्व सरपंच मामराज अटवाल, राजेश गुप्ता प्रदेश कोषाध्यक्ष, सूरजभान दहिया, सदरु खान, बलबीर सिंह, करमचंद सियुड़ी, बिशन सिंह रामफल, पूर्व सरपंच कृष्ण शर्मा, पूर्व सरपंच प्रीतम सिंह भींवर, पूर्व सरपंच पतराम कंडारा, करनैल सिंह फौजी, जसपाल, ब्लॉक प्रधान शिवालिक विकास मंच लोकेश शर्मा, अशोक शर्मा कालका, गुरजंट धमाला, आशुतोष गुप्ता सुरेंद्र गुप्ता, पूर्व पार्षद रामप्रसाद, सोहनलाल वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
