
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
चण्डीगढ।
देश के विभाजन से पहले पंजाब की राजधानी लाहौर हुआ करती थी। समझौते के अंतर्गत लाहौर पाकिस्तान में रह गया। भारत के पंजाब की राजधानी कुछ दिन शिमला में रही कुछ दिन लुधियाना में भी। बाद में 1952 में तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू की योजना पर भारत के पंजाब की राजधानी के लिए नए शहर चंडीगढ़ की आधारशिला रखी गई। चंडीगढ़ भारत के उत्कृष्ट और आधुनिक शहरों में से एक है। केंद्र शासित प्रदेश के अलावा चंडीगढ़ आज दो प्रदेशों हरियाणा और पंजाब की राजधानी भी है। बाद में पंजाब सरकार ने चंडीगढ़ के निकट ही पंजाब के क्षेत्र में न्यू चंडीगढ़ नाम से एक और टाउनशिप विकसित की। कहने को अब दो चंडीगढ़ एक चंडीगढ़ तो दूसरा न्यू चंडीगढ़ हो गए हैं ।
इस मामले में नई खबर यह है कि पंजाब के बाद दूसरे सीमावर्ती प्रदेश हिमाचल प्रदेश ने भी चंडीगढ़ के नाम से नया शहर बसाने की योजना को मंजूरी दे दी है। हिमाचल प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार ने चंडीगढ़–बद्दी रोड पर ‘हिम चंडीगढ़’ नाम की वर्ल्ड क्लास टाउनशिप को मंजूरी दे दी है। यह फैसला 30 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। सरकार के मुताबिक यह शहर बद्दी के पास शीतलपुर क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। देखा जाए तो मौजूदा हिमाचल प्रदेश सरकार ने हिम शब्द को एक ब्रांड के रूप में स्वीकार कर लिया है हिम का अर्थ है हिमाचल। हिम चंडीगढ़ के लिए जमीन की व्यवस्था कुछ इस तरह से की गई है कि कुछ जमीन ग्राम पंचायतों से ली जा रही है, कुछ जमीन सरकार की अपनी है और कुछ जमीन को सरकार अधिकृत करने की तैयारी में है ।यहां जो जंगल है उसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी ।यह नया चंडीगढ़ चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर नालागढ़ और बद्दी क्षेत्र में शीतलपुर गांव के पास विकसित किया जाएगा।
