
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कैथल ।
आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साकरा में खंड स्तरीय युवा ग्राम पंचायत का आयोजन हुआ। यह प्रतियोगिता जनसंख्या शिक्षा प्रकोष्ठ, एस.सी.ई.आर.टी. गुरुग्राम के सौजन्य से जिला शिक्षा अधिकारी कैथल श्री सुरेश कुमार के मार्गदर्शन में प्रत्येक खंड के चार विद्यालयों में आयोजित करवाई जा रही है। प्रतियोगिता का शुभारंभ श्री वीरेंद्र कुमार प्रधानाचार्य ने किया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 9 व 11 के 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में मुख्य तौर पर गांव के कुछ मुद्दे रखे गए जिसमें गांव के अंदर से शराब के ठेके को बाहर निकलना, खारे पानी की समस्या, सफाई की समस्या, स्टेडियम में जल व बिजली आपूर्ति, महिलाओं के लिए सिलाई सेंटर बारे विचार विमर्श किया गया। जिस पर ग्राम सभा में आम सहमति से प्राथमिकता के तौर पर इन मुद्दों को हल करने बारे निर्णय लिया गया। इस प्रतियोगिता से बच्चों में अधिकारों के प्रति जागरूकता निर्णय लेने की क्षमता सामाजिक मुद्दों को समझने और उनका हल करने की क्षमता आदि भिन्न-भिन्न प्रकार के बौद्धिक विकास संभव हुए। इस प्रतियोगिता की तैयारी राजनीति शास्त्र प्राध्यापक श्रीमती गीता इतिहास प्राध्यापक श्री कंवरपाल जी और सामाजिक विज्ञान अध्यापक श्री ईशम सिंह जी के द्वारा करवाई गई। डी.आर.यू. प्रभारी डॉ. राज कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य संचार कौशल को मजबूत करना, नेतृत्व, टीमवर्क, समालोचनात्मक चिंतन, सहानुभूति, सामाजिक-भावनात्मक बुद्धिमत्ता, समस्या समाधान एवं योजना बनाने की योग्यता बढ़ाना आदि विद्यार्थियों में 21वीं सदी के कौशल बढ़ाना है।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका श्री अशोक कुमार व श्री सुनील कुमार ने निभाई।
