
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला/ 27 अक्टूबर (विजेश शर्मा):- डीसीपी सृष्टि गुप्ता के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस की सेक्टर-10 चौकी टीम ने मानवता और पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए लावारिश हालत में मिले ई-रिक्शा को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया है।
डीसीपी ने बताया कि सेक्टर-10 चौकी इंचार्ज रवि प्रकाम की टीम 13 अक्टूबर की रात गश्त पर थी इसी दौरान सेक्टर-11 बूथ मार्केट से बिना चालक खड़ा एक ई-रिक्शा बरामद किया गया। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने ई-रिक्शा को कब्जे में लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि यह ई-रिक्शा बलटाना निवासी प्रेम कुमार का है, जिसकी चोरी की शिकायत 13 अक्टूबर को ही मौली जांगरा थाना, चंडीगढ़ में दर्ज की गई थी। मामले की पुष्टि होने पर पंचकूला पुलिस ने चंडीगढ़ पुलिस प्रशासन को अवगत कराया तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर 25 अक्टूबर को ई-रिक्शा उसके मालिक प्रेम कुमार को सुपुर्द कर दिया। प्रेम कुमार के अनुसार ई-रिक्शा की कीमत लगभग सवा लाख रुपये है और चोरी की घटना के बाद से वह काफी परेशान था। वाहन वापिस मिलने पर उसने पंचकूला पुलिस का आभार व्यक्त किया।
डीसीपी ने कहा कि शहर में संदिग्ध या लावारिश हालत में मिले वाहनों की त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है, ताकि चोरी की घटनाओं पर रोक और संपत्ति की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हो सके।
