
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला।
बेशक 1 वर्ष से ज्यादा समय से मनोहर लाल की जगह मुख्यमंत्री के रूप में नायब सिंह सैनी काम कर रहे हैं लेकिन इसे आप हकीकत ही मानिए कि हरियाणा में नीति निर्धारण का काम मनोहर लाल, उनके चहेते अधिकारी और नेताओं के हाथ में ही है। पंचकूला की बात करें तो यहां जो भाजपा का पावर सेंटर नजर आ रहा है वह मुख्य तौर पर चार लोगों के हाथ में है। यह है सांसद श्रीमती रेखा शर्मा, सांसद कार्तिकेय शर्मा, पार्टी की जिला इकाई के अध्यक्ष अजय मित्तल, पार्टी की हरियाणा इकाई की उपाध्यक्ष श्रीमती बन्तो कटारिया, कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा। लोग यह महसूस करते हैं कि इन सबको पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का प्रत्यक्ष आशीर्वाद प्राप्त है। यहां यह समझना भी आवश्यक है कि किसी भी दल का काम परस्पर सहयोग और समर्थन के बिना नहीं चलता लेकिन सब में से कुछ लोग निश्चित तौर पर निर्णायक जरूर होते हैं।
जल्दी ही पंचकूला नगर निगम के चुनाव की घोषणा होने वाली है। बहुत लोग यह मानकर चल रहे हैं कि इस चुनाव में जब पार्षदों और मेयर के उम्मीदवार का चयन होगा तो मनोहर लाल उपरोक्त नेताओं की संस्तूति पर फैसला लेते नजर आएंगे। यह अलग बात है कि इसकी औपचारिक घोषणा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली या मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करें ।
पंचकूला की बात करें तो राजनीतिक विश्लेषक यह मानकर चल रहे हैं कि सांसद रेखा शर्मा के लिए पंचकूला विधानसभा क्षेत्र विशेष तौर पर इसलिए महत्वपूर्ण है कि जहां वह इसी शहर में निवास करती हैं वहीं भविष्य में पार्टी उन्हें पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से ही चुनाव लड़ने को कह सकती है। आप देख रहे होंगे कि श्रीमती शर्मा ने जनता की शिकायतें सुनने का कोई बिंदु तय किया है तो वह पंचकूला ही है। सांसद कार्तिकेय की शर्मा भी अगला चुनाव विधानसभा का और वह भी कल का से लड़ सकते हैं। पंचकूला से भारतीय जनता पार्टी के विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व करते आ रहे ज्ञानचंद गुप्ता का पार्टी में प्रभाव यथावत है लेकिन अब उम्र उनके आड़े आ रही है । अब भाजपा के लोग भी मानने लगे हैं कि पार्टी ने 75 वर्ष की उम्र पूरी होने के बावजूद उन्हें 2024 में चुनाव लड़ने का मौका दिया था अब निश्चित तौर पर उनका विकल्प तलाश किया जा रहा है।
यहां यह बताना भी आवश्यक है कि सभी दलों में चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों की नजर 2029 में प्रस्तावित डी लिमिटेशन पर भी है। पंचकूला जिले में विधानसभा क्षेत्रों की संख्या 2 से बढ़कर 3 हो सकती है। जाहिर है इसके बाद लोग चुनाव लड़ने के लिए अपनी सुविधा अनुसार हलकों का चुनाव भी करेंगे।
