दर्पण समाचार सेवा।
चण्डीगढ़ ।
कहावतें हजार हजार साल टेस्ट करके बनाई हुई सार्थक बातें हैं जो कई बार राजनीतिक लोगों के बड़े काम आ जाती हैं। । हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष राव नरेंद्र ने एक दिन एक हरियाणवी कहावत को बहुत ही शानदार तरीके से प्रयुक्त करते हुए सामने वाले को ऐसा दो टूक जवाब दिया कि पास बैठे लोग भी उनकी हाजिर जवाबी के कायल हो गए। कहावत है अपना हुक्का अपनी मरोड़, पिएं तो पिएं ना दे फोड़। मतलब अपनी चीज की अहमियत खास होती है
यह संदर्भ कुछ ऐसे लोगों ने अपनी आंखों देखा और अपने कानों सुना। बताया गया है कि राव नरेंद्र से किसी प्रभावशाली व्यक्ति ने टेलीफोन करके यह पेशकश की कि वह उनके लिए दिल्ली रहने की व्यवस्था कर सकते हैं । यह कि उनके लिए किसी सांसद का फ्लैट उपलब्ध करा सकते हैं।
इस पर राव नरेंद्र ने तपाक से जवाब दिया कि मेरा घर गुरुग्राम में है। गुरुग्राम दिल्ली से बहुत दूर नहीं है। मुझे दिल्ली में रहकर क्या करना है वह भी किसी और के घर में। ऐसी घर में नौकरों तक की अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी बेवजह खर्च बढेगा एहसान अलग होगा। इस तरह से किसी के घर में रहेंगे तो उसकी कुछ बात भी माननी पड़ सकती हैं। गुरुग्राम में मेरा अपना घर है। मैं दिल्ली क्यों जाऊंगा।अपने घर की बात ही कुछ और है।
राव नरेंद्र के इस व्यावहारिक जवाब से उपस्थित लोग बहुत प्रभावित हुए।

गुरुग्राम और यहां रहने की बात करें तो आज यह बात किसी से छिपी नहीं रह गई है कि यह शहर देश ही नहीं विदेशों में भी चर्चा में बना रहता है।
आप समझ सकते हैं कि दक्षिणी हरियाणा के सभी दलों के लगभग सभी नेता , नामवर लोग और व्यवसायी गुरुग्राम में ही रहते हैं। पहले कैप्टन अजय यादव रेवाड़ी में रहा करते थे अब उन्होंने भी गुरुग्राम में रहना शुरू कर दिया है ।इनमें पूर्व मंत्री डॉक्टर बनवारी लाल जरूर अपवाद हैं जो अभी भी बावल में ही रह रहे हैं।
