
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कैथल (कृष्ण प्रजापति): राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलवंती के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आर्यन ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर भारतीय अंडर-18 बॉयज़ कबड्डी टीम में स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। आर्यन आगामी यूथ एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भारत की टीम का नेतृत्व कप्तान के रूप में करेंगे, जो 22 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक बहरीन में आयोजित की जाएगी।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर क्रीड़ा भारती द्वारा नई दिल्ली के अंबेडकर भवन में विजय भव कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बच्चों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। वहीं हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने बच्चों में नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और उड़न परी पी.टी. ऊषा, ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त, और क्रीड़ा भारती के पदाधिकारी दीपक शर्मा उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा दी। विद्यालय के प्रिंसिपल मामचंद और समस्त स्टाफ ने आर्यन की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के डी.पी.ई. राजेश कुमार ने बताया कि आर्यन बचपन से ही अत्यंत मेहनती और अनुशासित छात्र रहा है। कुछ माह पूर्व उसका चयन साई गुजरात सेंटर में हुआ था, और आज उसने पूरे जिला कैथल और हरियाणा का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि आर्यन और भारतीय टीम बहरीन में शानदार प्रदर्शन करेगी और गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम ऊंचा करेगी।
