
फतह सिंह उजाला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
पटौदी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर जे तंवर के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिवंगत पूर्ण कुमार आत्महत्या प्रकरण में क्षेत्र के सर्व समाज ने रोष व्यक्त करते हुए कैंडल मार्च का आयोजन किया। सर्व समाज ने अंबेडकर भवन पटौदी में एकत्रित होकर बैठक की। बैठक के उपरांत अंबेडकर भवन पटौदी से शहीद स्मारक पटौदी तक कैंडल मार्च करके विरोध प्रदर्शन किया।
बैठक को संबोधित करते हुये तंवर ने कहा की राष्ट्र और राष्ट्रीयता आज अत्यंत खतरनाक मोड़ पर है। सरकारी संरक्षण में संस्थागत अन्याय और भीड़ तंत्र द्वारा धर्म और जातिगत विभेद चरम पर है।
अतिरिक्त महानिदेशक वाई पूर्ण कुमार आत्महत्या, रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की भीड़ तंत्र द्वारा निर्मम हत्या और देश के मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई पर हुआ हमला इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
न्यायपालिका पर दबाव और अवमानना के उदाहरण
वाई पूर्ण कुमार आत्महत्या सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि संस्थागत विफलता, जातिगत विभेद और अन्याय, दलित उत्पीड़न, विलंबित, कलंकित और विकृत प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रमाण है। राय बरेली में हरिओम वाल्मीकि की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता और जांच निरंतर संदेह के घेरे में है। यह वही शासन है जिसने हाथरस, लखीमपुर और उन्नाव मामलों में भी न्याय को विलंबित और विकृत किया था। भारत के मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई पर हुआ हमला केवल व्यक्ति विशेष पर नहीं, बल्कि भारत के संविधान और न्यायपालिका की गरिमा पर हमला है। यह घटना दर्शाती है कि सत्ता समर्थक शक्तियाँ अब असहमति और न्याय दोनों से असहज हैं। मोदी सरकार के शासन में न्यायपालिका पर लगातार दबाव और अवमानना के अनेक उदाहरण सामने आए हैं। न्यायलय के निर्णयों पर प्रश्नचिन्ह , न्यायाधीशों की स्वतंत्रता पर सवाल और संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास प्रमुख कारण हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी का पर्याप्त कानूनी आधार
हाल ही में पिछले कुछ दिनों की घटनाओं तथा उपरोक्त प्रकरण समानता और न्याय के सिद्धांत पर आधारित हमारे लोकतंत्र के लिए यह खतरनाक संकेत हैं। लोकतंत्र, संविधान, प्रशासनिक व्यवस्था की विफलता पर राष्ट्रीय चेतावनी है। इस विकृत राजनीतिक संस्कृति को बदलकर राष्ट्र में करुणा, समानता और सहिष्णुता का भाव पैदा करके लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना हर भारतीय का कर्तव्य है। सुखबीर जे तंवर ने अपने पुलिस सेवा अनुभव के आधार पर बताया की दिवंगत वाई पूर्ण कुमार के सुसाइड नोट में सभी आरोपित अधिकारियों के कुकृत्यों का विस्तृत वर्णन गिरफ्तारी का पर्याप्त कानूनी आधार है।
अविलंब सभी आरोपी अधिकारियों की गिरफ्तार हो
केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन को अविलंब सभी दोषी अधिकारियों को गिरफ्तार करके पीड़ित परिजनों को न्याय का मार्ग प्रशस्त करे। कैंडल मार्च में कांग्रेस नेत्री सुनीता वर्मा, कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग जिला अध्यक्ष (गुड़गांव ग्रामीण) एवं पार्षद मनोज यादव, राज कुमार ताज नगर, डॉ. हरिओम संभरवाल, रतिराम खानपुर, वेद प्रकाश जनौला, जागे राम जेई, कैलाश खोड, संदीप सोलंकी, चुन्नीलाल ऊंचा माजरा, धर्मचंद, निहाल सिंह, अत्तर सिंह, गंगा राम, ओमप्रकाश, सतबीर, दिनेश, सतीश, बाबूलाल, शक्ति सहित सर्वसमाज के सकड़ों महानुभाव उपस्थित रहे।
