
गौरव राजपुरोहित
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
मुम्बई ।
राजस्थान राज्य के हनुमानगढ़ जिले के संगरिया में 12 सितंबर को दिन-दिहाड़े हुई विकास जैन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. बीकानेर पुलिस रेंज के आईजी हेमंत शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपीयों में लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़ा मुख्य शूटर भी शामिल है. बीकानेर आईजी ने बताया कि हत्या की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान पुलिस ने 10 टीमों का गठन किया गया था. सूचना तंत्र को मजबूत किया गया और साइबर एक्सपर्ट की मदद से आरोपियों का पता लगाया गया. राजस्थान पुलिस ने हरियाणा के धर्मपुरा से मुख्य शूटर जलंधर सिंह उर्फ अमृतपाल, हरदीप सिंह उर्फ दीप, मखिन्द्र सिंह उर्फ लवली और मनप्रीत सिंह उर्फ मनी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कि बीकानेर आईजी ने बताया कि मुख्य शूटर जलंधर सिंह तीन महीने पहले पंचकुला शहर में हुए सोनू माल्टा हत्याकांड में भी वांछित है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हत्या लारेंस गैंग की साजिश थी या पुरानी रंजिश का नतीजा. राजस्थान पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से किसी बड़े गैंग का खुलासा हो सकता है. बता दें, 12 सितंबर को विकास जैन की उनकी दुकान में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पूरे संगरिया में आक्रोश फैल गया था और व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिए थे. लोगों की मांग थी कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए. पुलिस ने केवल 60 घंटे में इस हत्याकांड का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है
